उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में एक रिटायर्ड सैन्यकर्मी की कथित सनक ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। उत्तर प्रदेश पुलिस में तैनात एक कॉन्स्टेबल की पत्नी पर आरोपी ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। मां को बचाने के लिए आगे आए उसके दोनों बच्चों के साथ भी मारपीट की गई। घटना के बाद घायल महिला को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से डॉक्टरों ने बेहतर उपचार के लिए दिल्ली रेफर कर दिया। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है। शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि महिला के साथ संबंधों और उसके साथ रहने की जिद को लेकर आरोपी नाराज चल रहा था।