#नालंदा - सोनू राम की संदिग्ध हत्या मामले में चंद्रवंशी परिवार संघ ने उठाई आवाज, आरोपियों की गिरफ्तारी को एक सप्ताह का अल्टीमेटम
नालंदा से संवाददाता राकेश कुमार
बिहारशरीफ - नालंदा के अस्थावां निवासी सोनू राम की संदिग्ध हत्या और उनकी पुश्तैनी जमीन पर कथित जबरन कब्जे के मामले में न्याय की मांग को लेकर चंद्रवंशी परिवार संघ ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस की। संघ के नेता कौशल कुमार ने आरोप लगाया कि भू-माफियाओं द्वारा साजिश के तहत सोनू राम की हत्या की गई, लेकिन घटना के करीब तीन महीने बाद भी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
कौशल कुमार के अनुसार, दारा यादव, बिकेश यादव और मुकेश यादव पर आरोप है कि उन्होंने डराने-धमकाने के बाद सोनू राम की पुश्तैनी जमीन अपने नाम लिखवा ली थी। मामले की जानकारी मिलने के बाद सोनू की पत्नी माधुरी देवी और बेटे ने जब पैसे की मांग की तो कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
बताया गया कि 4 मई को सोनू राम घर से निकले थे, जिसके बाद वह लापता हो गए। 8 मई को मानपुर थाना क्षेत्र में उनका शव बरामद हुआ। जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उनकी पहचान सोनू राम के रूप में हुई। इसके बाद 9 मई 2026 को उनकी पत्नी माधुरी देवी ने तीनों आरोपियों के खिलाफ अपहरण कर हत्या करने की नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई।
संघ ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि तीन महीने बीत जाने के बावजूद पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। परिजनों ने आरोपियों पर केस वापस लेने के लिए दबाव बनाने और धमकी देने का भी आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
चंद्रवंशी परिवार संघ ने पुलिस-प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए सभी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी और सोनू राम के परिवार को जमीन वापस दिलाने की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर बिहारशरीफ जिला मुख्यालय में विशाल आक्रोश मार्च निकालने और पूरे बिहार में आंदोलन करने की चेतावनी दी गई है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में अशोक कुमार, संतोष भारती, निशांत कुमार, सुनील कुमार और सबलू कुमार समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
Rahui, Nalanda | Aug 19, 2026