जीत के बाद नवनिर्वाचित प्रधान कुसमा देवी ने घर-घर पहुंचकर जताया जनता का आभार
जोगिंद्रनगर।/सुनील कुमार।
ग्राम पंचायत जलपेहड़ से प्रधान पद पर शानदार जीत दर्ज करने के बाद नवनिर्वाचित प्रधान कुसमा देवी ने पंचायत की जनता का आभार व्यक्त करने के लिए विशेष धन्यवाद अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत वह पंचायत के सभी वार्डों में घर-घर जाकर लोगों से मिल रही हैं तथा जीत की खुशी में मोतीचूर के लड्डू वितरित कर जनता का धन्यवाद कर रही हैं।
कुसमा देवी ने कहा कि उनकी यह जीत केवल उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि पूरे पंचायत क्षेत्र की जनता के विश्वास और समर्थन की जीत है। उन्होंने कहा कि पंचायतवासियों ने उन पर भरोसा जताते हुए उन्हें प्रधान पद की जिम्मेदारी सौंपी है, जिसके लिए वह सदैव उनकी ऋणी रहेंगी। उन्होंने कहा कि जीत के बाद उनका पहला कर्तव्य जनता का आभार व्यक्त करना है और इसी उद्देश्य से वह घर-घर जाकर लोगों से मिल रही हैं।
नवनिर्वाचित प्रधान ने कहा कि पंचायत के विकास और जनकल्याण के लिए वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि ग्राम पंचायत जलपेहड़ के सभी पांचों वार्डों में बिना किसी भेदभाव के समान रूप से विकास कार्य करवाए जाएंगे। सड़क, पेयजल, स्वच्छता, शिक्षा तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए पंचायत को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
कुसमा देवी ने कहा कि चुनाव के दौरान मिले जनसमर्थन और स्नेह को वह कभी नहीं भूलेंगी तथा जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगी। उन्होंने पंचायतवासियों से भी विकास कार्यों में सहयोग और सुझाव देने की अपील की।
इस अवसर पर आयोजित धन्यवाद कार्यक्रम के दौरान उनके पति रविकांत भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने भी पंचायत की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता के विश्वास और सहयोग से ही यह जीत संभव हो पाई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पंचायत के विकास और जनसेवा के कार्यों में हर संभव योगदान दिया जाएगा।
पंचायत के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों ने कुसमा देवी का गर्मजोशी से स्वागत किया और उन्हें जीत की शुभकामनाएं दीं। पूरे पंचायत क्षेत्र में खुशी का माहौल देखने को मिला तथा लोगों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में पंचायत विकास के नए आयाम स्थापित करेगी।