Sangaria Matdaan Maha Abhiyaan
#संगरिया पंचायत चुनाव:
कलक्टर एसपी ने किया चुनावी निरीक्षण
संगरिया की आवाज़।
#संगरिया पंचायत चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं स्वतंत्र वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से रविवार को जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव तथा पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने पंचायत समिति क्षेत्र की पंजाब सीमा से सटी ग्राम पंचायत हरिपुरा एवं भाखरांवाली का निरीक्षण किया। इस दौरान सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए मतदान तथा मतगणना की तैयारियों का जायजा लिया।
जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि चुनाव प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की चूक न हो। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए और मतगणना के दौरान बिजली आपूर्ति बाधित न होने दी जाए।
डॉ. यादव ने कहा कि हर मतदाता को बिना किसी भय, परेशानी या दबाव के अपने मताधिकार का उपयोग करने का अवसर मिले। उन्होंने चुनाव कार्य से जुड़े कार्मिकों से पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता एवं पारस्परिक समन्वय के साथ कार्य करने को कहा।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन की निष्पक्षता, पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखना प्रत्येक चुनावी कार्मिक की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी अनियमितता या शिकायत की स्थिति में तत्काल कार्रवाई करते हुए चुनाव प्रक्रिया की गरिमा बनाए रखी जाए।
पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजामों को और सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों के आसपास कानून-व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की गतिविधि को तत्काल रोका जाए।
निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी Jai Kaushik जय कौशिक एवं थानाधिकारी अमर सिंह साथ रहे। उल्लेखनीय है कि संगरिया पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए मतदान 16 नवंबर को निर्धारित है।
संगरिया की आवाज़
District Collector & Magistrate - Hanumangarh संगरिया पुलिस