*खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यवाही , होटल साॅलीटेयर स्थित माखन भोग रेस्टोरेंट का लायसेंस किया निलंबित*
---
*त्यौहार को ध्यान में रखते हुए खाद्य पदार्थों पर विशेष निगरानी*
---
उज्जैन 02 नवम्बर 2026/ कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आमजन को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा अमानक/मिलावटी खाद्य सामग्री निर्माण/विक्रय करने वाले खाद्य कारोबारकर्ताओं के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा निरंतर कार्यवाही की जा रही है। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा त्यौहार को ध्यान में रखते हुए मावा, घी, मिठाई, तेल आदि खाद्य पदार्थों पर विशेष निगरानी की जा रही है।
विभाग द्वारा होटल साॅलिटेयर, जंतर मंतर रोड उज्जैन स्थित माखन भोग रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट के किचन एवं स्टोरेज परिसर में किचन में जगह-जगह कचरा एवं गंदगी पाई गई, रेफ्ररीजेटर एवं कुकिंग प्लेटफार्म में निचले एवं पिछले भागों में अनावश्यक कुडा करकट एवं गंदगी पसरी पाई गई, किचन में कुकिंग एरिया में खुले डस्टबिन पाये गये, जिनमें गीला कचरा एवं मच्छर आदि पाये गये, किचन के स्टोरेज एरिया में कच्ची खाद्य सामग्रियों एवं फ्रीज के बीच फूडवेस्ट चेम्बर स्थापित पाया गया, जिसमें चेम्बर फूडवेस्ट से भरा पाया गया, फूड हेण्डलर्स की व्यैक्तिक स्वच्छता का पालन होना नहीं पाया गया एवं उनके मेडिकल परीक्षण रिकाॅर्ड नहीं पाया गया, रेस्टोरेेंट में पेस्ट कंट्रोल संबंधी रिकाॅर्ड नहीं पाया गया, कच्ची खाद्य सामग्रियों एवं तैयार खाद्य सामग्रियों का उचित स्टोरेज नहीं पाया गया एवं रेस्टोेरेंट में बटर के नाम पर वेजिटेबल फेट स्प्रेड का उपयोग होना पाया गया। अनियमितताओं/कमियों को देखते हुए एवं जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लोकहित में खाद्य प्रतिष्ठान माखन भोग रेस्टोरेंट, होटल साॅलिटेयर, जंतर मंतर रोड उज्जैन का लायसेंस निलंबित किया गया एवं मौके से बटर, पनीर एवं रिफाइण्ड सनफ्लावर आॅइल के नमूनें लिये गये।
इसके अलावा विभाग द्वारा कनकमल फूलचंद्र दाल एण्ड बेसन मक्सी रोड उज्जैन से चना दाल, चना बेसन एवं मटर आटा के नमूनें, बाफना नमकीन डाबरी पीठा से मलाई पेडा, मावा कतली, मैसूर पाक, नमकीन सेव के नमूनें, भगवती डेयरी एवं स्वीट्स पंवासा से मावा, मावा रोल एवं मिल्क केक के नमूनें व सोनू रेस्टोरेंट, पंवासा से मावा बर्फी एवं नमकीन पपडी के नमूनें लिये गये।
टीम द्वारा तहसील महिदपुर ग्राम घोसला स्थित श्री बीकानेर स्वीट्स एण्ड नमकीन से मावा बर्फी, आकाश सोनपपडी के नमूने, न्यू कुमरावत रेस्टोरेंट से कोटा फ्रेश सोनपपडी, श्री ऋषभ नमकीन के नमूने, सूरज ट्रेडर्स से बेसन का नमूना लिया गया। तहसील घट्टिया ग्राम बिछडोद से श्री कृष्ण नमकीन एण्ड मिष्ठान भण्डार से मावा बर्फी एव ंसेव का नमूना, राखी ट्रेडर्स से हीरा मोती मैदा, हीरा मोती रवा एवं सांची घी के नमूनें लिये गये।
उपरोक्त सभी नमूने राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। प्रयोगशाला से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने पर विधिवत अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग आमजन से अपील करता है कि वे केवल वैध लाइसेंस/पंजीयन वाले प्रतिष्ठानों से ही खाद्य सामग्री क्रय करें तथा किसी भी संदिग्ध मिलावट या अमानक सामग्री की शिकायत संबंधित विभाग को तुरंत करें।
CMHO Office Jansampark Madhya Pradesh Collector Office Ujjain JDjansampark Ujjain Ujjain Commissioner
5 views | Umaria, Madhya Pradesh | Nov 2, 2026