#बालाघाट
अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस पर जिला पंचायत सभागार में विशाल स्वास्थ्य शिविर आयोजित
अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर 1 अक्टूबर को जिला स्वास्थ्य समिति (शहरी स्वास्थ्य), बालाघाट द्वारा जिला पंचायत सभागार में विशाल स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शत्रुघ्न सिंह दाहिया के मार्गदर्शन एवं जिला अर्बन नोडल अधिकारी डॉ. पंकज महाजन के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में शहरी क्षेत्र की 5 संजीवनी क्लिनिक एवं 1 यूपीएचसी सरेखा की टीमों ने सक्रिय सहभागिता की।
शिविर में 60 वर्ष से अधिक आयु के कुल 205 वरिष्ठ नागरिकों का पंजीयन कर स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान सभी वरिष्ठ नागरिकों की ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर एवं हीमोग्लोबिन की नि:शुल्क जांच की गई। चिकित्सकों द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श एवं प्राथमिक उपचार संबंधी जानकारी दी गई। जांच के आधार पर जरूरतमंद हितग्राहियों को आवश्यक दवाओं का नि:शुल्क वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान एवं अभिनंदन किया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ नियमित स्वास्थ्य जांच एवं समय पर उपचार के महत्व की जानकारी दी गई। इस अवसर पर “बुजुर्गों का सम्मान, हमारे समाज का मान” का संदेश दिया गया तथा वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता बनाए रखने का आह्वान किया गया।
#CMMadhyaPradesh #WelfareTribal #JansamparkMP #minprdd