#बालाघाट
भारतीय ज्ञान परम्परा पर आधारित विविध कार्यक्रमों का आयोजन
शासकीय एस.एस.पी. महाविद्यालय वारासिवनी में भारतीय ज्ञान परम्परा प्रकोष्ठ के तत्वावधान में सितम्बर माह की गतिविधियों के अंतर्गत 14 सितम्बर से 28 सितम्बर 2026 तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ 15 सितम्बर को इंदिरा कक्ष में माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एस.एस. गेड़ाम, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. सरिता कोल्हेकर, डॉ. तृप्ति सोनवे, प्रो. श्री कृष्णा पराते, डॉ. अनिरुद्ध सिंह काकोड़िया, प्रो. सरिता नागवंशी, श्रीमती मोनिका सोनी, श्रीमती हर्षिता मेश्राम, श्रीमती विभूति पाण्डेय एवं सुश्री शिखा देवगिरकर उपस्थित रहे।
प्रथम दिवस के निर्धारित कैलेण्डर के अनुसार भारतीय ज्ञान परम्परा से संबंधित हिन्दी पुस्तकों की प्रदर्शनी भारतीय ज्ञान परम्परा प्रकोष्ठ में लगाई गई। 18 सितम्बर को भारतीय ज्ञान परम्परा में हिन्दी भाषा एवं साहित्य की भूमिका विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। साथ ही हिन्दी के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले साहित्यकारों पर व्याख्यान कार्यक्रम भी हुआ।
इस अवसर पर फणीश्वर नाथ रेणु के उपन्यास ‘मैला आँचल’ के बारे में बताया गया। इसके अलावा प्रेमचंद के ‘गोदान’ उपन्यास पर चर्चा की गई। कबीर के दोहों का पाठ किया गया। साहित्यकारों के योगदान पर विचार रखे गए। प्रेमचंद की कहानी ‘शतरंज के खिलाड़ी’ पर चर्चा की गई तथा महादेवी वर्मा के साहित्यिक योगदान पर भी चर्चा की गई।
भाषण प्रतियोगिता में अल्का डोंगरे, बी.ए. प्रथम वर्ष, ईशा चौधरी, काजल पटले, श्वेता बांते एवं मीना टेकाम ने सहभागिता की। इसके साथ ही निबंध, वाद-विवाद, कविता पाठ एवं श्रुतलेख सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
साहित्य एवं व्याकरण आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में कु. फूलवंता उइके ने प्रथम स्थान तथा कु. आयुषी पाण्डे और कु. पल्लवी ठवरे ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में पल्लवी ठवरे ने प्रभावी प्रस्तुति दी।
28 सितम्बर को कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में सहभागिता करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समापन समारोह में जन अभियान परिषद विकासखण्ड समन्वय अधिकारी श्री सुरेन्द्र भगत, श्री राजकुमार लिल्हारे, अध्यक्ष ग्रामीण कृष्ण आंचलिक समिति, श्री राकेश मिश्रा, शिक्षक कैरियर हायर सेकण्डरी स्कूल वारासिवनी, प्रो. सरिता नागवंशीसहित महाविद्यालय के छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
#भारतीय_ज्ञान_परम्परा #SevaSankalpAbhiyan #CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #HigherEducation