खेकड़ा क्षेत्र के गौना गांव निवासी एक व्यक्ति ने गांव के ही एक अन्य व्यक्ति पर जान से मारने की धमकी देने और मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने खेकड़ा थाने पहुंचकर पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई और कार्रवाई की मांग की है।
गौना निवासी यूसुफ पुत्र हकीमुद्दीन ने खेकड़ा थाने में दी तहरीर में बताया कि 22 जून की शाम करीब छह बजे वह अपने बेटे और एक पड़ोसी के साथ रटौल स्थित खाद की दुकान पर गया था। आरोप है कि इसी दौरान एक हिस्ट्रीशीटर अपने तीन साथियों के साथ वहां पहुंचा और यूसुफ के साथ गाली-गलौज करने लगा।
यूसुफ के अनुसार, आरोपी ने उसे तीन दिन के भीतर जान से मारने की धमकी देते हुए कहा, "तुझे तेरे बाप और भाई के पास भेज देंगे।" यूसुफ ने आरोप लगाया कि यह हिस्ट्रीशीटर उसके पिता और भाई की हत्या के मामले में भी आरोपी है, और वह मुकदमा फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है।
यूसुफ ने बताया कि आरोपी लगातार उस पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा है। आरोपी ने धमकी दी है कि यदि उसने मुकदमा वापस नहीं लिया, तो उसका भी वही हाल होगा जो उसके पिता और भाई का हुआ था।
पीड़ित ने बताया कि घटना के तुरंत बाद उसने डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी और रटौल चौकी पर भी शिकायत की थी, यूसुफ का कहना है कि वहां से मामले में कोई कार्यवाही नहीं हुई। इसके बाद वह बागपत पहुंचकर पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय से मिला। पुलिस अधीक्षक ने उसे आश्वासन दिया और खेकड़ा कोतवाली भेजकर शिकायत देने को कहा और जांच कर कार्यवाही का भरोसा भी दिया।
अब यूसुफ ने खेकड़ा पुलिस से अपनी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। खेकड़ा थाना प्रभारी राकेश कुमार पुंडीर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद उचित कानूनी कार्यवाही की जाएगी।
Baghpat, Bagpat | Jun 23, 2026