त्रिमुहानी चौक का नाम बदलने पर स्थानीय लोगों का विरोध, पुराने नाम को बरकरार रखने की मांग।
शेखपुरा शहर के मुख्य द्वार पर स्थित चर्चित त्रिमुहानी चौक का नाम बदलकर विकसित भारत संकल्प सेवा चौक किए जाने का स्थानीय लोगों ने विरोध किया है। गुरुवार को बड़ी संख्या में स्थानीय लोग चौक पर जुटे और नाम परिवर्तन के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की।
बताया जाता है कि भाजपा की ओर से आयोजित सेवा संकल्प कार्यक्रम के तहत बुधवार को त्रिमुहानी चौक का नाम बदलकर विकसित भारत संकल्प सेवा चौक किए जाने का अनावरण सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव द्वारा किया गया था। इसके बाद गुरुवार को स्थानीय लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह चौक वर्षों से त्रिमुहानी चौक के नाम से जाना जाता है और आम लोगों की पहचान भी इसी नाम से जुड़ी हुई है। लोगों ने कहा कि बिना स्थानीय लोगों की सहमति के चौक का नाम बदलना उचित नहीं है। उन्होंने मांग की कि चौक का पुराना नाम त्रिमुहानी चौक ही बरकरार रखा जाए।
विरोध प्रदर्शन के दौरान स्थानीय लोगों ने कहा कि त्रिमुहानी चौक शेखपुरा शहर की पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। नाम परिवर्तन से स्थानीय लोगों में असंतोष है और इसी कारण वे एकजुट होकर इसका विरोध कर रहे हैं।
विरोध करने वालों में राहुल अकेला, माया देवी शारदा, हेमंत कुमार, सुमित आनंद, सुबेलाल यादव सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल रहे। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और संबंधित जनप्रतिनिधियों से मामले में हस्तक्षेप करते हुए त्रिमुहानी चौक का नाम पूर्ववत रखने की मांग की।