कांटी के किसानों को विधायक अजीत कुमार की बड़ी सौगात! खाद-बीज की कमी नहीं होने का भरोसा, नहर से सिंचाई की भी होगी व्यवस्था
किसानों की खेती में आने वाली परेशानियों को दूर करने और कृषि उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए कांटी में वासंतिक रबी महा अभियान का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर विधायक सह पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने किसानों को भरोसा दिलाया कि गेहूं, दलहन और तिलहन की खेती के लिए खाद और बीज की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी।
मंगलवार को कांटी प्रखंड मुख्यालय स्थित कृषि भवन में आयोजित प्रखंड स्तरीय प्रशिक्षण सह उपादान वितरण समारोह का उद्घाटन विधायक अजीत कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर खेती से जुड़ी समस्याओं को जाना और उनके समाधान के लिए कृषि अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए।
विधायक ने सभी किसान सलाहकारों को तीन दिनों के भीतर किसानों की खेती योग्य भूमि का स्थलीय सर्वे कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया, ताकि सरकारी कृषि योजनाओं का लाभ जरूरतमंद किसानों तक समय पर पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए नहर से पानी उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही खाद-बीज दुकानदारों को उचित मूल्य पर सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश बीडीओ और बीएओ को दिया।
विधायक ने किसानों से अपील की कि खेती से जुड़ी किसी भी समस्या की जानकारी उन्हें तत्काल दें, ताकि उसका त्वरित समाधान कराया जा सके। इस दौरान कई किसानों के बीच कृषि यंत्रीकरण के परमिट का भी वितरण किया गया।
#Kanti #AjitKumar #RabiAbhiyan #FarmerNews #TirhutNow