*मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव ने मुरैना में सुनीं जनसमस्याएं*
*अधिकारियों के माध्यम से समस्याओं के निराकरण कराने का दिया आश्वासन*
मुरैना, मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष डॉ. कैलाश जाटव ने बुधवार को मुरैना प्रवास के दौरान सर्किट हाउस पहुंचकर अनुसूचित जाति वर्ग के नागरिकों की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों से संवाद करते हुए उनकी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की तथा संबंधित अधिकारियों के माध्यम से उनके त्वरित एवं प्रभावी निराकरण का आश्वासन दिया।
सर्किट हाउस में आयोजित सामाजिक संवाद कार्यक्रम के दौरान डॉ. जाटव ने अनुसूचित जाति वर्ग के नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, धार्मिक एवं सामाजिक बुद्धिजीवियों तथा विशिष्ट जनों से भेंट कर उनकी समस्याओं और अपेक्षाओं को जाना। इस अवसर पर उन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों से शिक्षा, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा स्थानीय स्तर की समस्याओं के संबंध में सुझाव प्राप्त किए।
कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने अपनी-अपनी समस्याओं एवं अपेक्षाओं को आयोग के अध्यक्ष के समक्ष रखा। डॉ. जाटव ने सभी बिंदुओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए कहा कि प्रदेश सरकार अनुसूचित जाति वर्ग के सामाजिक, शैक्षणिक एवं आर्थिक उत्थान तथा सशक्तिकरण के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि शासन की मंशा समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। सामाजिक संवाद के माध्यम से समाज कीh वास्तविक समस्याओं को समझने तथा उनके समाधान की दिशा में प्रभावी एवं व्यावहारिक पहल करने का अवसर प्राप्त होता है। समाज के लोगों द्वारा दिए गए सुझावों एवं समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी।
डॉ. जाटव ने कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है कि अनुसूचित जाति वर्ग के प्रत्येक पात्र व्यक्ति को शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध, पारदर्शी एवं सुगम तरीके से प्राप्त हो सके। उन्होंने नागरिकों से शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा अन्य पात्र व्यक्तियों को भी इन योजनाओं से जोड़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर महापौर श्रीमती शारदा सोलंकी, समाजसेवी श्री कमलेश कुमार कुशवाह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री कमलेश कुमार भार्गव, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग श्री सौरव राठौर, पूर्व महापौर श्री अशोक अर्गल, पूर्व मंत्री श्री मुंशीलाल, पूर्व विधायक श्री रघुराज सिंह कंषाना, श्री कमलेश जाटव, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती गुड्डी खटीक, श्री दिलीप पिप्पल सहित पार्षद, अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में अनुसूचित जाति वर्ग के नागरिक उपस्थित रहे।