समाहरणालय बक्सर
(जिला जन संपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 05 अक्टूबर 2026
मिशन ज्ञानार्जन के तहत नगर भवन बक्सर में भव्य विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन: पीएम श्री स्कूल, आदर्श विद्यालय एवं इंजीनियरिंग कॉलेज के विद्यार्थियों ने पेश किए 135 से अधिक नवाचारी प्रोजेक्ट्स
आज दिनांक 05 अक्टूबर 2026 को नगर भवन बक्सर के प्रांगण में 'मिशन ज्ञानार्जन' के अंतर्गत एक दिवसीय विशाल विज्ञान प्रदर्शनी का सफल आयोजन किया गया।
इस प्रदर्शनी का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में नई तकनीक, मौलिक सोच, नवाचार और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के प्रति जागरूकता का प्रसार करना था।
इस प्रदर्शनी में बक्सर जिले के अंतर्गत अवस्थित सभी पीएम श्री विद्यालयों एवं आदर्श विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा लगभग 135 उत्कृष्ट एवं नवाचारी प्रोजेक्ट्स का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही, राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, बक्सर के छात्र-छात्राओं ने भी जनसामान्य व युवाओं को प्रेरित करने के लिए सिविल इंजीनियरिंग, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और भूकंप रोधी भवन निर्माण से संबंधित अत्याधुनिक प्रोजेक्ट्स प्रस्तुत किए।
प्रदर्शनी में प्रदर्शित मुख्य आकर्षणों एवं प्रोजेक्ट्स में शामिल रहे:
पर्यावरण संरक्षण: वायु प्रदूषण से निपटने के लिए एयर प्यूरीफायर मॉडल।
तकनीक व नवाचार: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तथा भौतिकी के चुंबकत्व सिद्धांतों पर आधारित नए ऐप्स।
भौतिकी एवं जीव विज्ञान: दैनिक जीवन में विज्ञान के अनुप्रयोग और जीव विज्ञान से जुड़े विभिन्न वैज्ञानिक मॉडल।
इस गरिमामय कार्यक्रम में जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति थी।
कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी बक्सर, उप विकास आयुक्त बक्सर, सहायक समाहर्ता बक्सर,वरीय उप समाहर्ता बक्सर, जिला शिक्षा पदाधिकारी बक्सर, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा स्थापना) तथा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा अभियान) ने प्रदर्शनी का विस्तृत अवलोकन किया और बच्चों के रचनात्मक प्रयासों की भूरी-भूरी प्रशंसा की।
प्रदर्शनी में लगभग 300 विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं मार्गदर्शकों ने हिस्सा लिया। बच्चों के मॉडल्स के मूल्यांकन के लिए गठित निर्णायक टीम ने निष्पक्ष एवं महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 'मिशन ज्ञानार्जन' की पूरी टीम के समर्पण और कुशल प्रबंधन से यह आयोजन अत्यंत प्रेरणादायक एवं यादगार साबित हुआ।
जिला जन संपर्क कार्यालय
बक्सर।
@top fans Information & Public Relations Department, Government of Bihar Samrat Choudhary CMO Bihar Buxar Administration Buxar Police जिला प्रशासन बक्सर #samrat4bjp #CMSamrat #IPRDBihar #IPRD_Bihar #buxarcity #CMOBihar #bihar #buxar
Buxar, Bihar | Oct 5, 2026