श्रावणी मेला की व्यवस्थाओं का डीएम ने लिया जायजा, प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों से जाना हाल#lakhisarai
श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना की, सुरक्षा व सुविधा को बताया बेहतर
लखीसराय। श्रावणी मेला के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के लिए लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी एवं समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को जिला पदाधिकारी लखीसराय शैलेन्द्र कुमार ने श्रावणी मेला में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों से सीधे संवाद कर ड्यूटी के दौरान आ रही कठिनाइयों एवं व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया।
डीएम ने मेला क्षेत्र में तैनात अधिकारियों एवं कर्मियों से भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन, पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या सामने आने पर तत्काल वरीय पदाधिकारियों को सूचित करें, ताकि उसका त्वरित समाधान कराया जा सके।
इस दौरान उप विकास आयुक्त सुमित कुमार ने भी मेला में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों से उनकी समस्याओं एवं कठिनाइयों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मेला ड्यूटी में किसी भी अधिकारी या कर्मी को परेशानी होने पर इसकी सूचना तत्काल संबंधित वरीय पदाधिकारी को दें। समस्याओं का शीघ्र समाधान कराते हुए सभी कर्मियों को पूरी तत्परता एवं समर्पण के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के लिए आवश्यक सहयोग दिया जाएगा।
श्रद्धालुओं से भी लिया फीडबैक
जिला पदाधिकारी ने मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं से भी जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया। श्रद्धालुओं ने सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, आवागमन एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था पर संतोष जताया। श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि मेला में जिस प्रकार की व्यवस्था की गई है, उसे आगे भी बनाए रखा जाना चाहिए।
डीएम शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्राप्त फीडबैक के आधार पर आवश्यक सुधार किए जाएंगे तथा मेला की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाया जाएगा। उन्होंने सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं कर्मियों को संवेदनशीलता, तत्परता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
जिला प्रशासन की ओर से श्रावणी मेला के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
Lakhisarai, Lakhisarai | Aug 8, 2026