मतदान के महत्व से रूबरू हुए विद्यार्थी, जिला स्तरीय क्विज और निबंध प्रतियोगिता आयोजित
18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवा मतदाता सूची में जरूर जुड़वाएं अपना नाम : उपायुक्त
लोहरदगा। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता साक्षरता क्लब (ELC) के तहत शुक्रवार को नदिया हिन्दू हाई स्कूल में जिला स्तरीय क्विज एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के करीब 170 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी संदीप कुमार मीना ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मतदान लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक का महत्वपूर्ण अधिकार और जिम्मेदारी है। जागरूक एवं जिम्मेदार मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र का निर्माण करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार और समाज के लोगों को भी मतदान के प्रति जागरूक करने की अपील की।
उपायुक्त ने मतदाता निबंधन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि जिन युवाओं की उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं और अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहें।
इससे पूर्व उप निर्वाचन पदाधिकारी संजय पाण्डेय ने मतदाता साक्षरता क्लब के उद्देश्यों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता के बाद क्विज और निबंध लेखन की अलग-अलग श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष 10-10 प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। इस प्रकार कुल 20 छात्र-छात्राएं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में लोहरदगा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी दास सुनंदा चंद्रमौलेश्वर सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।