◆◆ *मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने किया संयुक्त ब्रीफिंग*
छपरा, 12 जून 2026:
◆ केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग में मद्य निषेध सिपाही के पदों पर नियुक्ति हेतु लिखित प्रतियोगिता परीक्षा का आयोजन दिनांक 14 जून एवं 17 जून 2026 को सारण जिले में किया जाएगा। ◆ परीक्षा दोनों दिनों में दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली की परीक्षा पूर्वाह्न 10:00 बजे से अपराह्न 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा अपराह्न 03:00 बजे से अपराह्न 05:00 बजे तक आयोजित होगी।
◆ सारण जिले में परीक्षा के लिए कुल 20 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक परीक्षा दिवस पर कुल 10,334 अभ्यर्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।
◆परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण, कदाचारमुक्त एवं पारदर्शी संचालन को लेकर आज जिलाधिकारी सारण श्री वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक सारण श्री विनीत कुमार द्वारा संयुक्त रूप से सभी केंद्राधीक्षकों, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग की गई।
◆ब्रीफिंग में जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर समय से पूर्व उपस्थित रहने, अभ्यर्थियों की सघन एवं व्यवस्थित तलाशी (फ्रिस्किंग) सुनिश्चित करने तथा केंद्रीय चयन पर्षद द्वारा निर्गत सभी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन कराने का निर्देश दिया।
◆ परीक्षा के स्वच्छ एवं निष्पक्ष संचालन के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर स्टैटिक दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त जोनल दंडाधिकारी, जोनल पुलिस पदाधिकारी तथा उड़नदस्ता (फ्लाइंग स्क्वॉड) दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की भी प्रतिनियुक्ति की गई है। सभी जोनल एवं उड़नदस्ता पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों का सतत भ्रमण करते हुए परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
◆ प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी एवं अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति की व्यवस्था की गई है। साथ ही सभी केंद्रों पर जैमर एवं पब्लिक एड्रेस सिस्टम (पी.ए. सिस्टम) की भी व्यवस्था रहेगी।
◆परीक्षा की निगरानी हेतु जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष संख्या 06152-242444 है। नियंत्रण कक्ष में दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। नियंत्रण कक्ष प्रभारी को सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा परीक्षा से संबंधित गतिविधियों की प्रभावी मॉनिटरिंग करने का निर्देश दिया गया है।
◆ जिलाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों को केंद्रीय चयन पर्षद के निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करते हुए परीक्षा को पूर्णतः कदाचारमुक्त एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न कराने का निर्देश दिया।
◆ब्रीफिंग बैठक में अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सदर, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, सभी उड़नदस्ता दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी, जोनल दंडाधिकारी, स्टैटिक दंडाधिकारी तथा केंद्राधीक्षक उपस्थित थे।
#RecruitmentExam
#excisepolice
#jointbriefing
#DM
#SSP
#saran
#chapra
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
7 views | Saharsa, Bihar | Jun 12, 2026