भागलपुर, 10 जुलाई 2026:- बिहार सरकार द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय *पेंशन उत्सव* के अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों के बैंक खातों में बढ़ी हुई पेंशन राशि का अंतरण किया गया।
इसी क्रम में भागलपुर जिले के 2,70,849 पेंशनधारियों के खातों में जून माह की पेंशन के रूप में 40 करोड़ 89 लाख 38 हजार 400 रुपये की राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई।
पेंशन राशि में हुई इस ऐतिहासिक वृद्धि से जिले के वृद्धजन, विधवाओं, दिव्यांगजनों एवं अन्य जरूरतमंद लाभार्थियों के बीच उत्साह और खुशी का माहौल देखा गया। राज्य सरकार ने इस विशेष अवसर को *पेंशन उत्सव* के रूप में मनाया, जिसका उद्देश्य समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद वर्गों को सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक संबल प्रदान करना है।
भागलपुर समाहरणालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम में अपर समाहर्ता-सह-प्रभारी जिलाधिकारी श्री राकेश रंजन सहित कई वरीय पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देखा गया। लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री एवं बिहार सरकार की जनकल्याणकारी पहल का स्वागत करते हुए कहा कि पेंशन राशि में वृद्धि से गरीब, वृद्ध, विधवा एवं दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा।
जिले में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत जून माह की पेंशन राशि का भुगतान विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के खातों में किया गया। इसके अंतर्गत इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 76,621 लाभार्थियों को 16 करोड़ 85 लाख 66 हजार 200 रुपये, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 12,569 लाभार्थियों को 2 करोड़ 76 लाख 51 हजार 800 रुपये, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग (निःशक्तता) पेंशन योजना के 1,861 लाभार्थियों को 40 लाख 94 हजार 200 रुपये, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 21,348 लाभार्थियों को 2 करोड़ 39 लाख 17 हजार 800 रुपये, बिहार निःशक्तता पेंशन योजना के 28,824 लाभार्थियों को 3 करोड़ 20 लाख 33 हजार 500 रुपये तथा मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के अंतर्गत सर्वाधिक 1,29,626 लाभार्थियों को 15 करोड़ 26 लाख 74 हजार 900 रुपये की राशि हस्तांतरित की गई। इस प्रकार विभिन्न योजनाओं के तहत कुल 40 करोड़ 89 लाख 38 हजार 400 रुपये सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में भेजे गए।कार्यक्रम में उपस्थित लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री एवं बिहार सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पहले 400 रुपये प्रतिमाह की पेंशन से आवश्यक जरूरतों को पूरा करना कठिन था, जबकि अब 1,100 रुपये प्रतिमाह मिलने से दवा, भोजन, कपड़े तथा अन्य आवश्यक खर्चों में काफी सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का यह निर्णय समाज के कमजोर वर्गों के प्रति उसकी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता का प्रमाण है तथा विशेष रूप से वृद्धजनों, दिव्यांगजनों एवं निराश्रित विधवाओं के लिए सम्मानजनक जीवन जीने का मजबूत आधार बनेगा।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता-सह-प्रभारी जिलाधिकारी श्री राकेश रंजन ने सभी पेंशनधारियों को बधाई देते हुए उनके स्वस्थ एवं सुखमय जीवन की कामना की।
उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ केवल पात्र एवं वास्तविक लाभार्थियों तक पहुंचे, इसके लिए जीवन प्रमाणीकरण अनिवार्य है।
उन्होंने बताया कि भागलपुर जिले में अब तक 2,75,892 लाभार्थियों का जीवन प्रमाणीकरण कराया जा चुका है। शेष सभी पेंशनधारियों से उन्होंने अपील की कि वे अपने निकटतम कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पर जाकर जल्द से जल्द जीवन प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि उनकी पेंशन का भुगतान बिना किसी बाधा के नियमित रूप से जारी रह सके।
उन्होंने कहा कि पेंशन राशि को लगभग तीन गुना बढ़ाकर 1,100 रुपये प्रतिमाह किए जाने से लाखों लाभार्थियों को सीधा आर्थिक संबल मिला है। डीबीटी प्रणाली के माध्यम से राशि सीधे बैंक खातों में भेजे जाने से भुगतान प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल एवं प्रभावी हुई है।
कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों ने कहा कि *पेंशन उत्सव* केवल पेंशन राशि के अंतरण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के वृद्धजनों, विधवाओं एवं दिव्यांगजनों के सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक समावेशन का प्रतीक है। उन्होंने राज्य सरकार की इस पहल को दूरदर्शी एवं जनहितकारी बताते हुए कहा कि इससे लाखों परिवारों को आर्थिक राहत मिली है और सामाजिक सुरक्षा का दायरा और अधिक मजबूत हुआ है।
District Administration Patna
DM Darbhanga
District Administration, Madhubani
Madhepura District Administration
JEEVIKA Bihar
Bhagalpur Police
Banka District Administration
28 views | Bhagalpur, Bihar | Jul 10, 2026