भागलपुर, 10 जुलाई 2026:- जिला स्वास्थ्य समिति भागलपुर के द्वारा लोकनायक जयप्रकाश नारायण सदर अस्पताल के सभागार में विश्व जनसंख्या स्थिरता दिवस पखवाड़ा के तत्वावधान में एक दिवसीय उन्मुखीकरण कार्यशाला सह समन्वय बैठक का आयोजन किया गया।
इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी सह जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ धनंजय कुमार ने की।
बैठक में आगामी ग्यारह जुलाई को मनाए जाने वाले विश्व जनसंख्या स्थिरता दिवस और ग्यारह से इकतीस जुलाई तक चलने वाले सेवा पखवाड़े को लेकर व्यापक रणनीति तैयार की गई।
कार्यशाला में जिले के सभी प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, प्रखंड सामुदायिक उत्प्रेरक और सभी शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी मुख्य रूप से शामिल हुए और अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ धनंजय कुमार ने कहा कि जनसंख्या स्थिरता केवल एक स्वास्थ्य कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह समाज के समग्र विकास, आर्थिक प्रगति और खुशहाली का मुख्य आधार है।
उन्होंने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी सेवा पखवाड़े के दौरान आम जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि परिवार नियोजन के विभिन्न साधनों की उपलब्धता हर स्तर पर सुनिश्चित की जाए ताकि कोई भी जरूरतमंद इससे वंचित न रहे। स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता और संवेदनशीलता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिला कार्यक्रम प्रबंधक मणि भूषण झा ने कार्यशाला में प्रबंधकीय दृष्टिकोण साझा करते हुए कहा कि सेवा पखवाड़े की सफलता पूरी तरह से हमारे आपसी समन्वय और ब्लॉक स्तर पर सूक्ष्म नियोजन पर निर्भर करती है।
उन्होंने कहा कि सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में दैनिक रूप से इसकी समीक्षा करें और परिवार नियोजन के अस्थायी एवं स्थायी साधनों को सुदूर ग्रामीण इलाकों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। इसी क्रम में जिला लेखा प्रबंधक सोमेश झा ने वित्तीय पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया कि इस अभियान के अंतर्गत होने वाले सभी भुगतानों और आशा कार्यकर्ताओं को दी जाने वाली परितोषिक राशि का समय पर निपटारा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वित्तीय पारदर्शिता के साथ-साथ फंड का सही उपयोग समय पर स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने में मददगार साबित होगा। जमीनी स्तर पर जागरूकता और फील्ड गतिविधियों पर चर्चा करते हुए जिला सामुदायिक उत्प्रेरक भरत कुमार सिंह ने बताया कि हमारे जिले की आशा कार्यकर्ताओं ने विभिन्न परिवार नियोजन सेवाओं के योग्य लाभुकों की पहचान और उनकी लाइनलिस्टिंग का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न कर लिया है। अब हमारी जिम्मेदारी है कि इस डेटा के आधार पर प्रत्येक लक्षित लाभार्थी तक आवश्यक सेवाएं पहुंचाई जाएं। जिला मूल्यांकन एवं अनुश्रवण पदाधिकारी अंजनी मिश्रा ने आंकड़ों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि अभियान की सफलता को मापने के लिए सही समय पर सही डेटा की प्रविष्टि पोर्टलों पर होना आवश्यक है।
उन्होंने दैनिक आधार पर संकेतकों की डिजिटल निगरानी करने और किसी भी विसंगति को तुरंत दूर करने की बात कही।कार्यशाला में तकनीकी सहयोगी संस्थाओं की भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा की गई। पीएसआई इंडिया के प्रतिनिधि नवीन राय ने परिवार नियोजन के बास्केट ऑफ चॉइस के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। वहीं संस्था के दूसरे प्रतिनिधि अय्याज आलम अशरफ़ी ने तकनीकी सत्र में विशेष रूप से गर्भनिरोधक इंप्लांट की चर्चा करते हुए कहा कि यह महिलाओं के लिए तीन वर्षों तक अनचाहे गर्भ से सुरक्षा प्रदान करने वाला एक आधुनिक, सुरक्षित और अत्यधिक प्रभावी साधन है, जिसके प्रति योग्य दंपत्तियों को सही परामर्श दिया जाना चाहिए।
बैठक में पिरामल स्वास्थ्य के प्रतिनिधि विजय कुमार एवं मनोज वर्मा ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि पिरामल स्वास्थ्य की टीम जिला स्वास्थ्य समिति के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करेगी तथा पखवाड़े में अनुश्रवन में सहयोग करेगी । कार्यशाला के दौरान विभिन्न सरकारी विभागों के आपसी समन्वय पर विशेष बल देते हुए अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ धनंजय कुमार ने जीविका, आईसीडीएस, कल्याण विभाग, महादलित मिशन और आपूर्ति विभाग सहित अन्य सभी संबद्ध विभागों से सक्रिय सहयोग का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि जनसंख्या स्थिरता जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्यक्रम को केवल स्वास्थ्य विभाग के बलबूते पूर्णतः सफल नहीं बनाया जा सकता है, इसके लिए एक बहुविभागीय दृष्टिकोण और सामूहिक प्रयास की आवश्यकता है। आईसीडीएस के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों पर आने वाली धात्री और गर्भवती माताओं को जागरूक करने, जीविका दीदियों के माध्यम से ग्रामीण स्तर पर सघन संवाद स्थापित करने, कल्याण विभाग तथा महादलित मिशन के सहयोग से समाज के पिछड़े, वंचित और महादलित टोलों तक परिवार नियोजन के संदेशों को गहराई से पहुंचाने तथा आपूर्ति विभाग के नेटवर्क का उपयोग कर जन-जागरूकता को सुदूर क्षेत्रों तक विस्तारित करने पर चर्चा की गई ताकि इस अभियान को एक व्यापक सामाजिक आंदोलन का रूप दिया जा सके।
सभी उपस्थित अधिकारियों ने एकजुट होकर इस सेवा पखवाड़े को एक जन आंदोलन का रूप देकर शत-प्रतिशत सफल बनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
District Administration Patna
DM Darbhanga
District Administration, Madhubani
Madhepura District Administration
JEEVIKA Bihar
Bhagalpur Police
Banka District Administration
21 views | Bhagalpur, Bihar | Jul 10, 2026