किशनगंज राज्य सरकार के आदेशानुसार किशनगंज जिला के सभी पंचायतों में पंचायत विकास दिवस मनाया गया । ज़िलाधिकारी, किशनगंज श्री नवीन कुमार के निदेश पर ग्राम पंचायतों के सतत विकास, कार्यक्रमों में ग्रामीणों की सक्रिय सहभागिता, ग्रामवासियों के उत्तरोत्तर सामाजिक तथा आर्थिक सशक्तिकरण, योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता तथा उत्तरदायित्व, नशा-मुक्त समाज सहित समाज सुधार अभियान के विभिन्न घटकों के सुदृढ़ीकरण जैसे बहु-आयामी लक्ष्यों पर केंद्रित पंचायतों में इन दिवसों के माध्यम से लोगों से सार्थक संवाद एवं सुदृढ़ समन्वय स्थापित किया गया । पंचायतों में आज माननीय मुखिया जी की अध्यक्षता में स्थानीयकृत सतत विकास लक्ष्यों (एलएसडीजी) की थीम ‘महिला हितैषी पंचायत’ पर परिचर्चा आयोजित हुई । लोगों ने माननीय प्रधानमंत्री के रेडियो कार्यक्रम मन की बात का सीधा प्रसारण सुना। पंचायत विकास दिवस के आयोजन के परिप्रेक्ष्य में बच्चों, युवाओं और अवयस्कों को नशा की लत से बचाने, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने, नशा-मुक्त समाज का संकल्प लेने, इसके निर्माण के लिए सतत प्रयत्नशील रहने तथा समाज को विकास के एक नए रास्ते पर ले चलने के उद्देश्य से मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग, बिहार के तत्वावधान में जीविका दीदियों, विकास मित्रों, आशा कार्यकर्ताओं, आँगनबाड़ी सेविकाओं एवं सहायिकाओं, छात्र-छात्राओं, अभिभावकों, शिक्षकों एवं सिविल सोसाइटी सदस्यों के माध्यम से सघन जन-जागरूकता अभियान चलाया गया।