सबसे शातिर गुलदार का अंत: जॉय हुकिल की सटीक गोली ने बचाई कई जिंदगियां, 50वां शिकार बना खूंखार गुलदार।
पौड़ी जनपद के वाड़ी गांव में महिला को अपना निवाला बनाने वाला खूंखार और शातिर गुलदार आखिरकार प्रसिद्ध शिकारी जॉय हुकिल की गोली का शिकार बन गया। खास बात यह रही कि जॉय हुकिल के शिकार इतिहास में यह गुलदार 50वां शिकार बना, जिसे क्षेत्र के सबसे चालाक और खतरनाक गुलदारों में से एक माना जा रहा था। बताया जा रहा है कि महिला पर हमला करने के बाद भी गुलदार घटनास्थल के आसपास ही छिपा बैठा था और वहां मौजूद ग्रामीणों पर हमला करने की फिराक में था। लेकिन गुलदार और ग्रामीणों के बीच सुरक्षा कवच बनकर खड़े थे प्रसिद्ध शिकारी जॉय हुकिल, जिन्होंने खतरे को भांपते हुए पलभर में उसे ढेर कर दिया।
जॉय हुकिल का मानना है कि मारा गया गुलदार बेहद शातिर था और संभवतः लंबे समय से क्षेत्र में मानवों पर हमलों में शामिल रहा था। वहीं उन्होंने यह भी बताया कि यह गुलदार अपने शिकार को मारने के बाद दूसरे गुलदारों को भी उसका मांस खाने देता था और स्वयं क्षेत्र से दूर चला जाता था, जिससे उसकी पहचान और पकड़ बेहद मुश्किल हो जाती थी। यही वजह थी कि वन विभाग और ग्रामीणों के लिए यह गुलदार लंबे समय से चुनौती बना हुआ था।
गौरतलब है कि जॉय हुकिल अब तक 50 आदमखोर और खतरनाक गुलदारों को ढेर कर चुके हैं, लेकिन उनका 50वां शिकार बना यह गुलदार अपनी शातिर कार्यशैली और लगातार मानवों को निशाना बनाने की घटनाओं के कारण सबसे अलग माना जा रहा है। ऐसे में क्षेत्र में यह चर्चा भी तेज हो गई है कि क्या 50वें गुलदार के शिकार के बाद अब जॉय हुकिल इस जिम्मेदारी से संन्यास लेंगे या फिर भविष्य में भी मानव जीवन की रक्षा के लिए मोर्चा संभालते रहेंगे। फिलहाल वाड़ी गांव सहित पूरे क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है और उम्मीद जताई है कि इस गुलदार के मारे जाने के बाद ऐसी दर्दनाक घटनाओं पर रोक लगेगी।
क्या अब इस गुलदार के मारे जाने के बाद गुलदार के हमले थम जाएंगे? बड़ा सवाल।
Pauri, Garhwal | Jun 9, 2026