मेले में जलपरी का शो देखने पहुंचे लोगों के बीच अचानक ऐसा हादसा हुआ कि कुछ ही सेकेंड में खुशियां चीख-पुकार में बदल गईं। पानी से भरा विशाल कांच का टैंक अचानक फट गया और हजारों लीटर पानी के साथ कांच के टुकड़े दर्शकों पर जा गिरे। हादसे में चार मासूम बच्चों समेत कुल 15 लोग घायल हो गए। घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई।
दरअसल, मामला उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के फखरपुर कस्बे के खालिदपुर गांव में आयोजित दादा मियां उर्स मेले का है। सोमवार देर रात मेले में जलपरी शो चल रहा था। शो देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लोग टैंक के बाहर से जलपरी के करतब देख रहे थे, तभी अचानक तेज आवाज के साथ टैंक का शीशा टूट गया।
बताया जा रहा है कि इस विशाल टैंक में करीब 20 हजार लीटर पानी भरा हुआ था। शीशा टूटते ही पानी तेजी से बाहर निकला और कांच के टुकड़े वहां मौजूद दर्शकों पर जा गिरे। लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और मौके पर भगदड़ जैसे हालात बन गए।
इस हादसे में चार बच्चों को गंभीर चोटें आईं। घायलों की पहचान 8 वर्षीय अर्श, 7 वर्षीय बुरऊ, 8 वर्षीय अहद खान और 9 वर्षीय मोहम्मद सादिक के रूप में हुई है। इसके अलावा जलपरी का किरदार निभा रही युवती समेत कुल 15 लोग घायल हुए हैं। सभी को तत्काल सीएचसी फखरपुर पहुंचाया गया। दो बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उन्होंने 50 रुपये का टिकट लेकर शो देखा था। अचानक टैंक टूटने के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। वहीं, स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हादसे के तुरंत बाद शो के आयोजक और केयरटेकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद मेले में सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। आखिर इतने बड़े टैंक में शो आयोजित करने से पहले सुरक्षा मानकों और तकनीकी जांच का कितना ध्यान रखा गया था?
अपर पुलिस अधीक्षक आयुष विक्रम सिंह के मुताबिक, हादसे में 15 लोग घायल हुए हैं। आयोजक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।
अब बड़ा सवाल यही है कि आखिर किसकी लापरवाही से मासूम बच्चों और अन्य लोगों की जान खतरे में पड़ी? जांच के बाद ही हादसे की असली वजह सामने आ सकेगी।
#Bahraich #BahraichNews #UttarPradeshNews #JalpariShow #MelaAccident #GlassTankBurst #BreakingNews #UPNews #ChildrenInjured #MelaSafety