उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है... खैरगढ़ थाना क्षेत्र में एक दलित नाबालिग किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म और जानलेवा हमले का आरोप लगा है। इस सनसनीखेज मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
दरअसल, 31 अक्टूबर की शाम किशोरी घर से बाहर गई थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन यानी 1 नवंबर की सुबह किशोरी गांव के पास एक खेत में गंभीर हालत में मिली। उसके चेहरे, सिर और गर्दन पर चोटों के निशान थे। हालत इतनी गंभीर थी कि वह अचेत अवस्था में थी।
परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद किशोरी को बेहतर इलाज के लिए आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर सामूहिक दुष्कर्म, हत्या के प्रयास और पॉक्सो एक्ट समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों ऋषि और उसके सगे भाई जगत को चिन्हित किया। 2 नवंबर को चेकिंग के दौरान पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, मामले में फरार चल रहे तीसरे आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस तरह पुलिस की कार्रवाई में तीनों आरोपी अब सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि आरोपियों को सख्त सजा दिलाने के लिए ऑपरेशन कनविक्शन के तहत प्रभावी पैरवी की जाएगी। साथ ही आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई और संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।
फिलहाल, पीड़िता का आगरा में इलाज जारी है और पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
#FirozabadNews #UttarPradeshNews #UPPolice #GangRapeCase #POCSOAct #DalitGirlJustice #CrimeNews #OperationConviction #JusticeForVictim #BreakingNews