एचआरटीसी पेंशनरों का धरना 5 नवंबर तक स्थगित, 6 नवंबर को फिर करेंगे प्रदर्शन
एमडी से वार्ता के बाद भी मांगों पर अंतिम फैसला नहीं, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री आज शाम करेंगे घोषणा : राजेंद्र ठाकुर
शिमला। एचआरटीसी पेंशनरों की लंबित मांगों को लेकर चल रहा धरना-प्रदर्शन फिलहाल एक दिन के लिए स्थगित कर दिया गया है। एचआरटीसी पेंशनर ज्वाइंट एक्शन कमेटी ने अब 5 नवंबर को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को स्थगित कर 6 नवंबर को करने का निर्णय लिया है। यह फैसला निगम के प्रबंध निदेशक (एमडी) के साथ हुई वार्ता और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की ओर से मांगों पर स्वयं निर्णय की घोषणा करने के आश्वासन के बाद लिया गया है।
एचआरटीसी पेंशनर ज्वाइंट एक्शन कमेटी के सचिव राजेंद्र ठाकुर ने बताया कि बुधवार को एमडी ने कमेटी को वार्ता के लिए बुलाया था। उन्होंने कहा कि पेंशनरों का धरना-प्रदर्शन काफी समय से जारी है, लेकिन इस बीच निगम के पूर्व एमडी का तबादला होने और नए एमडी के कार्यभार न संभालने के कारण वार्ता आगे नहीं बढ़ पाई थी। 3 नवंबर को नए एमडी ने कार्यभार संभाला और उसी दिन पेंशनरों को बातचीत के लिए बुलाया था।
राजेंद्र ठाकुर ने बताया कि उस दौरान नए एमडी ने आग्रह किया था कि वह अभी पद पर नए हैं और उन्हें पेंशनरों की मांगों की पूरी जानकारी नहीं है। ऐसे में उन्हें निगम के अधिकारियों से पूरी जानकारी लेने तथा परिवहन विभाग के सचिव, अतिरिक्त मुख्य सचिव और वित्त सचिव से बातचीत करने के लिए कम से कम दो दिन का समय दिया जाए। इसके बाद संयुक्त समन्वय समिति ने धरना-प्रदर्शन को 5 नवंबर तक स्थगित करते हुए एमडी को 4 नवंबर दोपहर 12 बजे तक मांगों पर निर्णय से अवगत करवाने का समय दिया था।
उन्होंने बताया कि बुधवार को कमेटी की बैठक और आगामी रणनीति तय करने के लिए शिमला पहुंचने पर एमडी के साथ दोबारा वार्ता हुई। इसी दौरान रामपुर के विधायक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता स्वर्गीय नंदलाल के निधन के कारण उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री उनके अंतिम संस्कार में शामिल होने रामपुर गए हुए थे। एमडी ने कमेटी को बताया कि उपमुख्यमंत्री शाम को शिमला पहुंचने के बाद पेंशनरों की मांगों को लेकर स्वयं घोषणा करेंगे।
राजेंद्र ठाकुर के अनुसार एमडी ने कमेटी से आग्रह किया कि उपमुख्यमंत्री की घोषणा तक थोड़ा इंतजार किया जाए। इसके बाद कमेटी ने बैठक कर सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि अप्रत्याशित परिस्थितियों को देखते हुए 5 नवंबर का प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन एक दिन के लिए और स्थगित किया जाएगा। अब 6 नवंबर को धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। कमेटी उपमुख्यमंत्री की ओर से शाम को की जाने वाली घोषणा का अवलोकन करेगी और उसके बाद आगामी रणनीति तय करेगी।
उन्होंने बताया कि पेंशनरों की तीन प्रमुख मांगें हैं। इनमें पहली मांग लंबित 8 प्रतिशत महंगाई भत्ते (डीए) का भुगतान करना है। दूसरी मांग उन सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन जारी करने का निर्णय लेना है, जिन्हें अभी तक पेंशन मिलनी शुरू नहीं हुई है। कमेटी को उम्मीद है कि सरकार इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर पेंशनरों को राहत प्रदान करेगी।