रेवाड़ी में 3 दिनों में पुलिस ने 121 वाहन किए इंपाउंड
*बिना नंबर प्लेट, नंबरों से छेड़छाड़ करने तथा अनधिकृत स्लोगन/डिजाइन लिखवाने वाले वाहन चालकों पर पुलिस की कार्रवाई जारी।*
रेवाड़ी समाचार पंकज कुमार।
जिले में आपराधिक गतिविधियों पर पूरी तरह से अंकुश लगाने तथा आमजन के लिए सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस महानिदेशक हरियाणा अजय सिंघल, आईपीएस के सख्त दिशा-निर्देशों तथा पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन में रेवाड़ी पुलिस द्वारा जिले में एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिला पुलिस द्वारा सभी थाना क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों एवं अंतरराज्यीय/अंतरजिला मार्गों पर विशेष नाकाबंदी कर वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र कुमार मीणा, आईपीएस ने यातायात पुलिस एवं जिले के सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों और संदिग्ध वाहनों पर पैनी नजर रखी जाए। विशेष रूप से बिना नंबर प्लेट, अधूरी या अस्पष्ट नंबर प्लेट, अथवा अंकों/डिजाइन से छेड़छाड़ कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ तुरंत और सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।
*3 दिनों में 121 वाहन इंपाउंड/जब्त*
इस अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए एएसपी दीपिका अग्रवाल, आईपीएस ने बताया कि कई आपराधिक मामलों में यह बात सामने आई है कि वारदात को अंजाम देने के लिए अपराधी बिना नंबर प्लेट या अस्थायी (Temp) नंबर प्लेट वाली गाड़ियों का इस्तेमाल करते हैं। इसी की रोकथाम के लिए चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान जिला पुलिस टीमों द्वारा पिछले 3 दिनों में 121 ऐसे वाहनों को जब्त (Impound) किया गया है, जिनमें नियमानुसार नंबर प्लेट मौजूद नहीं थीं या नियमों का उल्लंघन किया जा रहा था।
*रेवाड़ी पुलिस की आमजन से अपील:*
एएसपी दीपिका अग्रवाल, आईपीएस ने रेवाड़ी पुलिस प्रशासन की ओर से सभी जिला वासियों से अपील करते हुए कहा है कि वे बिना नंबर प्लेट या अधूरी नंबर प्लेट वाले वाहनों को सड़कों पर न उतारें और न ही उनका उपयोग करें। यदि आपके पास अस्थायी (Temporary) नंबर प्लेट वाला वाहन है, तो समय सीमा पूरी होने पर नियमानुसार उसका स्थायी (Permanent) रजिस्ट्रेशन नंबर लगवाए। गाड़ियों पर लगाई गई ब्लैक फिल्म (काले शीशे), बुलेट पटाखों वाले साइलेंसर तथा अन्य मॉडिफाइड साइलेंसर तुरंत हटवाएं।
*यातायात नियमों की पालन करें:* सभी नागरिक जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें और यातायात नियमों की पालन कर रेवाड़ी पुलिस का सहयोग करें।
सड़कों पर चलने वाले प्रत्येक वाहन की पहचान स्पष्ट होनी चाहिए। नियम तोड़ने वालों और वाहन की पहचान छिपाने का प्रयास करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
Rewari, Rewari | Sep 16, 2026