*बड़ा भंगाल में 24 घंटे चला रेस्क्यू मिशन, बीमार भेड़ पालक को स्ट्रेचर से लाकर चंबा पहुंचाया*
*हेलीकॉप्टर न मिलने पर पर्वतारोहण दल ने दिखाई बहादुरी*
चंबा। जिला कांगड़ा के दुर्गम बड़ा भंगाल क्षेत्र में गंभीर रूप से बीमार हुए एक भेड़ पालक को प्रशासन और पर्वतारोहण दल ने 24 घंटे से अधिक समय तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद सुरक्षित निकालकर चंबा के पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती करवाया। प्रतिकूल मौसम के कारण हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध न होने से दल को पैदल ही स्ट्रेचर पर मरीज को लाना पड़ा।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कांगड़ा और उपायुक्त कांगड़ा के माध्यम से अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर विकास शर्मा को 18 जुलाई को सूचना मिली कि बड़ा भंगाल में एक भेड़ पालक की तबीयत अचानक गंभीर हो गई है। मरीज की हालत नाजुक और मौसम खराब होने के कारण हेलीकॉप्टर उपलब्ध नहीं हो सका।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ADM भरमौर विकास शर्मा के निर्देशों पर तुरंत वैकल्पिक रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। पर्वतारोहण अनुदेशक पंकज महंत के नेतृत्व में 13 सदस्यीय विशेष पर्वतारोहण रेस्क्यू दल का गठन किया गया। दल 18 जुलाई 2026 को भरमौर से बड़ा भंगाल के लिए रवाना हुआ और अत्यंत दुर्गम एवं जोखिमपूर्ण पर्वतीय मार्गों को पार करते हुए उसी रात मरीज तक पहुंचा।
19 जुलाई की सुबह भेड़ पालक को स्ट्रेचर पर लिटाकर पैदल रेस्क्यू अभियान प्रारंभ किया गया। रेस्क्यू दल ने लगातार कई घंटे तक विषम मौसम, दुर्गम भू-भाग और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना किया। अथक प्रयासों के बाद टीम 19 जुलाई की रात लगभग 11 बजे मरीज को सुरक्षित धराड़ी लेकर पहुंची। वहां पूर्व से तैनात एंबुलेंस के माध्यम से मरीज को तुरंत पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चंबा भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है।
भरमौर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण जिला चंबा ने कहा कि यह सफल रेस्क्यू अभियान सभी विभागों के प्रभावी समन्वय, त्वरित निर्णय और कुशल कार्यवाही का परिणाम है। प्राधिकरण ने पर्वतारोहण अनुदेशक पंकज महंत और उनकी 13 सदस्यीय टीम, स्वास्थ्य विभाग, एंबुलेंस सेवा तथा अभियान से जुड़े सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
अधिकारियों ने बताया कि विषम मौसम और दुर्गम परिस्थितियों में दल के सदस्यों ने अदम्य साहस, धैर्य और सेवा-भावना का परिचय दिया। यह अभियान आपदा के समय विभिन्न प्रशासनिक एजेंसियों की त्वरित निर्णय क्षमता और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
Chamba, Chamba | Jul 20, 2026