मल्हारगढ़। श्री श्री श्री 1008 कल्लाजी राठौड़ महाराज के जन्मोत्सव के अवसर पर मल्हारगढ़ नगर में भव्य एवं ऐतिहासिक शोभायात्रा का आयोजन किया गया। दोपहर 2 बजे स्टेशन रोड स्थित काली कल्याणी धाम से शोभायात्रा प्रारंभ हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं नागरिक शामिल हुए।
शोभायात्रा में ढोल-नगाड़ों के साथ घुड़सवार, ऊंट, हाथी और अखाड़ों के दल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इसके साथ ही विभिन्न विषयों पर आधारित चलित झांकियों ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। करीब एक किलोमीटर लंबा शोभायात्रा का काफिला मल्हारगढ़ नगर की सड़कों से निकला, जिसे देखने के लिए जगह-जगह लोगों की भीड़ उमड़ी।
शोभायात्रा का नगर के विभिन्न स्थानों पर नागरिकों और सामाजिक संगठनों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश दीक्षित, मंडल भाजपा अध्यक्ष मल्हारगढ़ आशीष विजयवर्गीय, नगर परिषद उपाध्यक्ष राधेश्याम प्रजापति, सम्राट गहलोत, लोकपाल सिंह सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ताओं ने काली कल्याणी धाम की शोभायात्रा का स्वागत किया।
आयोजकों के अनुसार, मल्हारगढ़ में इस स्तर की शोभायात्रा पहली बार आयोजित की गई। हाथी, ऊंट, घुड़सवार, अखाड़े, ढोल-नगाड़े और आकर्षक चलित झांकियों से सजी शोभायात्रा पूरे नगर में आकर्षण का केंद्र बनी रही। श्रद्धालुओं ने कल्लाजी राठौड़ महाराज के जयकारों के साथ वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
काली कल्याणी धाम समिति एवं आयोजकों द्वारा आयोजित इस भव्य कार्यक्रम को लेकर नगरवासियों में खासा उत्साह देखने को मिला। जन्मोत्सव के अवसर पर निकली शोभायात्रा को मल्हारगढ़ के लिए एक यादगार और ऐतिहासिक आयोजन के रूप में देखा जा रहा है।