कलेक्टर ने डबल लॉक केंद्र का निरीक्षण कर खाद वितरण व्यवस्थाओं का लिया जायजा
--
कलेक्टर श्री साकेत मालवीय ने गुरुवार को जिला मुख्यालय अशोकनगर स्थित संचालित डबल लॉक केंद्र का निरीक्षण कर खाद वितरण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र पर उपलब्ध खाद के भंडारण, वितरण प्रक्रिया तथा किसानों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर श्री मालवीय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को खाद वितरण में किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा ई-विकास प्रणाली के अंतर्गत ई-टोकन व्यवस्था का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ई-टोकन के माध्यम से किसानों को निर्धारित समय पर खाद उपलब्ध कराई जाए, जिससे अनावश्यक भीड़ एवं प्रतीक्षा की स्थिति न बने। उन्होंने अधिकारियों से खाद की उपलब्धता, स्टॉक की स्थिति तथा वितरण की दैनिक मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर ने कहा कि कृषि कार्यों के लिए खाद की समय पर उपलब्धता अत्यंत आवश्यक है, इसलिए वितरण व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारु बनाए रखा जाए।
#ashoknagar