राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ जीरकपुर नगर द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया. संघ के जिला कार्यवाह राजीव शर्मा ने बताया है कि इस अवसर पर श्री गोपाल गौधाम गौशाला के अध्यक्ष एवं समाजसेवी सुनील अग्रवाल मुख्य अतिथि रहे. कार्यक्रम का आरम्भ शस्त्र पूजन से हुआ तथा संघ के परम्परागत गीत, सुभाषित एवं आशीष वचन की धूम रही. मुख्य वक्ता के रूप में बोलते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग कार्यवाह सरदार बलजिंदर सिंह ने उपस्थित जनसमूह को संघ के 100 वर्षों के गौरवशाली इतिहास की चर्चा करते हुए बताया कि किस तरह से संघ ने समाज सेवा को आधार बनाकर देश - विदेश में करोड़ों लोगों को अपने साथ जोड़ने का साहसिक कार्य किया है. उन्होंने संघ के उद्देश्य एवं राष्ट्रीय सोच की चर्चा करते हुए कहा कि संघ के लिए राष्ट्र और स्वदेश सर्वप्रथम है. उन्होंने संघ की तरफ महिलाओं के बढ़ते झुकाव तथा देश सेवा में समर्पण पर बोलते हुए कहा कि मौजूदा समय भारत के विकास में महिलाओं का महत्वपूर्ण स्थान है. उन्होंने अपने ओजस्वी भाषण में संघ की सम्पूर्ण कार्यप्रणाली तथा पद्धति पर भी विस्तार से प्रकाश डाला. संघ के जीरकपुर नगर इकाई कार्यवाह शिवराज जायसवाल ने जीरकपुर नगर में गत वर्ष किये गए समाज समर्पित कार्यों एवं संघ कार्यों के बारे जनता को अवगत कराया. कार्यक्रम में जिला कार्यवाह राजीव शर्मा तथा नगर संघचालक सुरेंद्र कश्यप भी उपस्थित रहे. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों के अतिरिक्त समाज के प्रतिष्ठित व्यक्ति भी सपरिवार शामिल हुए. कार्यक्रम समापन जलपान के साथ सम्पन्न हुआ !!
(ब्यूटी चीफ राकेश गांधी की रिपोर्ट)