मुख्यमंत्री के संबोधन के बाद शिवहर में 70 परिवारों को मिला राशनकार्ड
शिवहर:मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के राज्यस्तरीय कार्यक्रम का गुरुवार को शिवहर समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में लाइव प्रसारण किया गया। इसमें जिलाधिकारी प्रतिभा रानी, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता एवं अनुमंडल पदाधिकारी सहित जिले के नए राशनकार्ड लाभार्थी शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों एवं लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री के संबोधन को लाइव प्रसारण के माध्यम से सुना। इसके बाद मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जिलाधिकारी प्रतिभा रानी एवं अन्य वरीय पदाधिकारियों ने जिले के 70 नए राशनकार्ड लाभार्थियों के बीच राशनकार्ड का वितरण किया।
जिलाधिकारी, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता एवं अनुमंडल पदाधिकारी ने लाभार्थियों को अपने हाथों से राशनकार्ड सौंपे। राशनकार्ड मिलने पर लाभार्थियों में खुशी देखी गई।
इस अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि राशनकार्ड वितरण का मुख्य उद्देश्य पात्र परिवारों को सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जोड़कर खाद्य सुरक्षा योजना का लाभ उपलब्ध कराना है। नए राशनकार्ड के माध्यम से पात्र परिवारों को सरकारी प्रावधानों के अनुसार निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न प्राप्त करने में सुविधा होगी।
राज्यस्तरीय कार्यक्रम के लाइव प्रसारण और उसके बाद राशनकार्ड वितरण के माध्यम से जिला प्रशासन ने पात्र परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।