नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान का बड़वानी में भव्य शुभारंभ
कलेक्टर और एसपी ने जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी
.................
नशामुक्त बड़वानी के संकल्प के साथ निकाली गई विशाल जन-जागरूकता रैली
...................
विद्यार्थियों, शिक्षकों, पुलिस बल और सामाजिक संगठनों ने ली नशामुक्ति की सामूहिक शपथ
..............
15 से 30 जुलाई 2026 तक पूरे जिले में चलाया जाएगा विशेष जागरूकता अभियान
बड़वानी 15 जुलाई 2026/ मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिले को पूर्णतः नशामुक्त बनाने और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने के उद्देश्य से आज, 15 जुलाई से नशे से दूरी है जरूरी 2.0 विशेष जन-जागरूकता अभियान का शंखनाद किया गया। अभियान के शुभारंभ अवसर पर बड़वानी कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती काजल जावला ने थाना कोतवाली बड़वानी से जन-जागरूकता रैली एवं विशेष जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस गरिमामयी आयोजन में बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी, शिक्षकगण, एनसीसी व एनएसएस कैडेट्स, स्काउट-गाइड, विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, पुलिस बल और स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की। रैली शहर के मुख्य मार्गों से गुजरी, जहाँ गगनभेदी नारों और प्रेरक संदेशों के माध्यम से आमजन को नशे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ एकजुट होने की अपील की गई।
नशामुक्त समाज के निर्माण में जनसहभागिता अनिवार्य - कलेक्टर
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने कहा कि नशे की समस्या पर केवल प्रशासनिक प्रयासों से काबू नहीं पाया जा सकता, इसके लिए जन-जन की भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने विशेष रूप से विद्यार्थियों और युवाओं से अपील की कि वे अपने भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए नशे से दूर रहें और इस अभियान को एक सशक्त जनआंदोलन का रूप दें।
हर थाने और गाँव तक पहुँचेगी अलखरू पुलिस अधीक्षक
पुलिस अधीक्षक श्री पद्मविलोचन शुक्ल ने समाज और परिवारों के बिखरने के पीछे नशे को एक बड़ा कारण बताया। उन्होंने जानकारी दी कि 15 दिनों तक चलने वाले इस अभियान के तहत जिले के सभी थाना क्षेत्रों के स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर निबंध, चित्रकला, नुक्कड़ नाटक, जनसंवाद और खेलकूद जैसी विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के जरिए जागरूकता फैलाई जाएगी। कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्ति की सामूहिक शपथ भी दिलाई ।
वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति
इस ऐतिहासिक शुभारंभ अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री धीरज बब्बर, एसडीओपी बड़वानी श्री महेश सुनैया, रक्षित निरीक्षक श्री चेतन बघेल, थाना प्रभारी कोतवाली बलजीत बिसेन सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख, जनप्रतिनिधि, प्रबुद्ध नागरिक और बड़ी संख्या में पुलिस व प्रशासनिक अमला उपस्थित रहा। यह विशेष अभियान पूरे बड़वानी जिले में आगामी 30 जुलाई 2026 तक निरंतर जारी रहेगा।
#JansamparkMP
#Badwani
9 views | Barwani, Madhya Pradesh | Jul 15, 2026