आप अपने देश के लिए अद्भुत हो निरंतर चलते रहो - ईशा एली गेरिमो
....................
प्रकृति के सानिध्य में आशाग्राम पुनर्वास कार्यों का संगम है जीएलआरए प्रतिनिधि
बड़वानी 15 जुलाई 2026/ किसी भी हितग्राही मूलक योजना का सफल परिणाम हम अन्तर्विभागीय समन्वय से ही प्राप्त कर सकते हैं। आशाग्राम ट्रस्ट में पुनर्वास कार्यों में हम इसे स्पष्ट रूप से देख सकते हैं। ट्रस्ट के द्वारा सीमित संसाधनों में आदर्श परिणाम देकर देश के लिए अद्भुत कार्य किया है।
उक्त बातें तंजानिया और इथोपिया से आए जर्मन लेप्रोसी एंड टीबी रिलीफ एसोसिएशन इंडिया जीएलआरए प्रतिनिधि मंडल ने कही। तंजानिया के श्री ईशा एली गेरीमो ने बताया कि हम बहुत सारे स्टेट में मूल्यांकन टीम के रूप में भ्रमण करते हैं, किंतु यहां एक ही स्थान पर हमें बहुत से पुनर्वास कार्यों को देखने का अवसर मिला। आशाग्राम ट्रस्ट एवं जीएलआरए बड़वानी में कुष्ठ रोगियों के जागरूकता अभियान के साथ-साथ शासन की विभिन्न योजनाओं में जोड़ने के लिए मिलकर कार्य कर रहे हैं । इस कार्य में स्वास्थ्य विभाग, सामाजिक न्याय विभाग एवं अन्य प्राइवेट चिकित्सक भी समन्वय के साथ जुड़े हुए हैं।
ट्रस्ट के सचिव डॉ चक्रेश पहाड़िया द्वारा आशाग्राम ट्रस्ट के विषय में विस्तार से जानकारी प्रदान कर नये कुष्ठ रोगियों के लिए भी आवासीय व्यवस्था की जानकारी प्रदान की। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं आशाग्राम ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष डॉ मदन सिंह सोलंकी ने बताया गया कि हमारे निजी चिकित्सक भी कुष्ठ रोगियों का उपचार कर रोगी को जीएलआरए के माध्यम से जिला चिकित्सालय में रेफर करते हैं। तंजानिया एवं ईंथोपिया के प्रतिनिधियों ने कुष्ठ रोगियों द्वारा हस्त निर्मित दरी उत्पाद की सराहना कर उसे बेहतरीन बताया। ट्रस्ट की कृत्रिम अंग उपकरण निर्माण इकाई में निर्मित दिव्यांगजन उपयोगी संसाधनों के लिए उन्होंने कहा यह अनुकरणीय है। इस दौरान जीएलआरए के नेशनल मेडिकल एडवाइजर डॉ आशीष वाघ, राज्य समन्वयक एवं कुष्ठ सलाहकार डॉ विशाल देसाई, ट्रस्ट के श्री सचिन दुबे, श्री मणिराम नायडू, श्री मनीष पाटीदार, जीएलआरए जिला समन्वयक श्री विपुल चतुर्वेदी आदि उपस्थित थे।
#JansamparkMP
#Badwani