हरियाणा प्रदेश के 60 वर्ष पूर्ण होने पर डीएवी गर्ल्स कॉलेज में जिला स्तरीय हीरक जयंती समारोह आयोजित
पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवर पाल गुर्जर रहे मुख्य अतिथि, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
यमुनानगर, 1 नवंबर- (राष्ट्रीय कदम) ब्यूरो: हरियाणा प्रदेश के गठन के 60 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रविवार को डीएवी गर्ल्स कॉलेज, यमुनानगर के ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय हीरक जयंती समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की तथा कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा व अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा विशिष्ट अतिथि रहे। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके उपरांत वंदे मातरम् राष्ट्रीय गीत के साथ कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत हुई।
समारोह के दौरान कुरुक्षेत्र में आयोजित राज्य स्तरीय हीरक जयंती समारोह में महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के संबोधन का उपस्थित लोगों ने सीधा प्रसारण देखा और सुना। इसके साथ ही महामहिम राज्यपाल असीम कुमार घोष तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के संबोधन का भी लाइव प्रसारण किया गया। उपस्थित लोगों ने प्रदेश के विकास, उपलब्धियों और गौरवशाली इतिहास से जुड़े विचारों को ध्यानपूर्वक सुना।
इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। सरस्वती सीनियर सेकेंडरी स्कूल, जगाधरी के विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम की शुरुआत की। न्यू हैप्पी स्कूल के विद्यार्थियों ने हरियाणवी एकल नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। राजकीय विद्यालय, सब्जी मंडी, यमुनानगर के विद्यार्थियों ने समूह हरियाणवी नृत्य के माध्यम से हरियाणा की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की। जीएनजी कॉलेज, यमुनानगर के विद्यार्थियों ने इंस्ट्रूमेंटल म्यूजिक की मनमोहक प्रस्तुति देकर उपस्थित दर्शकों का मनोरंजन किया। इसके अतिरिक्त सूचिबद्ध भजन पार्टी गुरदेव सिंह एंड पार्टी द्वारा हरियाणवी रागनी व हरियाणा दिवस से संबंधित गीत प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवर पाल गुर्जर ने अपने संबोधन में कहा कि हरियाणा प्रदेश के गठन के 60 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में हीरक जयंती समारोह आयोजित किया जा रहा है। यह अवसर प्रदेश की गौरवशाली यात्रा, उपलब्धियों और विकास के सफर को याद करने का है। उन्होंने कहा कि हरियाणा आज विकास और उन्नति के शिखर की ओर तेजी से अग्रसर है। प्रदेश ने शिक्षा, खेल, कृषि, उद्योग, आधारभूत ढांचे सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। हरियाणा के मेहनती किसानों, युवाओं, खिलाडिय़ों और प्रदेशवासियों के परिश्रम एवं योगदान से प्रदेश ने देशभर में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि हीरक जयंती का अवसर प्रदेश की उपलब्धियों पर गर्व करने के साथ-साथ भविष्य में हरियाणा को और अधिक विकसित एवं समृद्ध बनाने के संकल्प को दोहराने का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा के प्रतिव्यक्ति की आय अन्य प्रदेशों से अधिक है।
कार्यक्रम के अंत में सभी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ गरिमामय ढंग से हुआ। मंच का सफल संचालन टीजीटी अनामिका ने किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा, एसडीएम रादौर नरेन्द्र कुमार, मार्किट कमेटी के चेयरमैन विपुल गर्ग, पूर्व मेयर मदन चौहान, पूर्व जिला महामंत्री कृष्ण सिंगला, जिला शिक्षा अधिकारी प्रेमलता, कृषि उपनिदेशक आदित्य डबास, आनंद सब्बरवाल, नायब तहसीलदार साढौरा कुलदीप सिंह, जिला बाल कल्याण अधिकारी सुखमिंद्र सिंह व अन्य विभागों के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।