यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा पर प्रशासन की कड़ी नजर, एडीएम और एएसपी ने किया औचक निरीक्षण
संतकबीरनगर में उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। सोमवार को अपर जिलाधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक श्री सुशील कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान संतकबीर आचार्य रामविलास इंटर कॉलेज मगहर, सरदार पटेल इंटर कॉलेज भदाह सहित अन्य परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा संचालन और अभ्यर्थियों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
अधिकारियों ने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने, अभ्यर्थियों के लिए सुगम प्रवेश व्यवस्था सुनिश्चित करने, संदिग्ध व्यक्तियों पर सतर्क नजर रखने और परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ न होने देने के निर्देश दिए।
प्रशासन द्वारा परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी रोकने के लिए सघन निगरानी की व्यवस्था की गई है। वहीं सीसीटीवी कंट्रोल रूम, जनपदीय कंट्रोल रूम और डायल-112 को भी पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर स्पष्ट किया गया है कि परीक्षा ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही अभ्यर्थियों से समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने और परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है।