*फर्रुखाबाद में ठेकेदार ने पत्नी की हत्या की:* भारी वस्तु से सिर पर वार कर फरार, मां बोली- बच्चे मेरे पास सो रहे थे
फर्रुखाबाद में मंगलवार रात करीब 11 बजे ठेकेदार ने पत्नी की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी पति मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। मामला कादरी गेट थाना क्षेत्र के देवरामपुर गांव का है।
सास सरस्वती देवी के मुताबिक, वह पति गंगाराम और चार पोते-पोतियों के साथ नीचे सो रही थीं। उनका बेटा सनी राजपूत, पत्नी मीरा के साथ ऊपर के कमरे में सोने गया था। रात करीब 11 बजे सनी नीचे आया और दरवाजा खुलवाकर कपड़े पहनने लगा। इसके बाद वह बाइक लेकर जाने लगा।
मां और पिता ने उसे रोकने की कोशिश की और जाने का कारण पूछा, लेकिन उसने कोई जवाब नहीं दिया। शक होने पर गंगाराम ने अपनी नातिन को ऊपर कमरे में भेजा। वहां मीरा के सिर से खून बह रहा था। इसी दौरान सनी ने अपने पिता को धक्का दिया और बाइक लेकर फरार हो गया।
16 साल पहले हुई थी शादी
सरस्वती देवी ने बताया कि सनी और मीरा की शादी करीब 16 साल पहले हुई थी। उनके तीन बच्चे दुर्गा, रामश्याम और खुशी हैं। बड़ी बेटी दुर्गा के मुताबिक, घटना के समय सभी बच्चे दादी के पास नीचे सो रहे थे। उसे माता-पिता के बीच अक्सर विवाद होने की जानकारी थी।
गांव में चर्चा है कि सनी नशे का आदी था। हालांकि, पुलिस ने अभी इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पोस्टमार्टम हाउस पर मृतका के परिजन और बच्चे भी पहुंचे। मां की मौत के बाद बच्चे सहमे और गुमसुम नजर आए। रिश्तेदारों ने उन्हें संभालने की कोशिश की।
भारी वस्तु से वार की आशंका
कादरी गेट थाना प्रभारी कपिल चौधरी ने बताया- पति ने पत्नी की हत्या किए जाने की बात सामने आई है। किसी भारी वस्तु या ईंट से सिर पर वार किए जाने की आशंका है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्पष्ट होगी। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।