रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की छापेमारी, मिलावटी मिठाइयों पर कार्रवाई
हरदोई। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में मिलावटी एवं दूषित खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। लखनऊ मंडल के अधिकारियों के निर्देश पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए और मिलावटी मिठाइयों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
मल्लावां में खाद्य सुरक्षा टीम ने अंशु डेयरी कारोबारी के प्रतिष्ठान पर छापा मारकर खोये के दो नमूने संग्रहीत किए। वहीं खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के शेड्यूल-4 के अनुपालन को लेकर संबंधित कारोबारी को नोटिस जारी किया जा रहा है।
हर्पालपुर क्षेत्र में सरदार नगर निवासी कारोबारी दिलीप द्वारा डाले से ले जाई जा रही करीब 150 किलोग्राम दूषित मिठाइयां पकड़ी गईं। इन मिठाइयों की अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई गई। टीम ने मिठाइयों को जब्त कर मौके पर ही नष्ट कराया तथा दूध का एक नमूना भी जांच के लिए लिया।
इसी क्रम में संडीला के अलाउद्दीनपुर-मल्लावां रोड स्थित सिराजुल की खोया निर्माण इकाई का निरीक्षण किया गया। यहां से मिश्रित दूध का एक नमूना संग्रहित किया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग के मुताबिक मिलावटी खाद्य पदार्थों के परिवहन पर रोक लगाने के लिए हाईवे और टोल नाकों पर भी निगरानी की जा रही है। विभाग का कहना है कि अभियान आगे भी जारी रहेगा। अब सवाल यह है कि रक्षाबंधन के बाद भी मिलावट के खिलाफ यह कार्रवाई इसी तरह लगातार जारी रहेगी या फिर त्योहार खत्म होते ही अभियान की रफ्तार धीमी पड़ जाएगी।
Hardoi, Hardoi | Aug 26, 2026