मुकेश सहनी का बड़ा ऐलान: आरक्षण नहीं तो 2027 में भाजपा के खिलाफ मतदान, संजय निषाद को INDIA गठबंधन में आने का न्योता
संत कबीर नगर के खलीलाबाद में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विकासशील इंसान पार्टी के सुप्रीमो और बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने निषाद समाज के आरक्षण और राजनीतिक भागीदारी को लेकर बड़ा बयान दिया है।
मुकेश सहनी ने निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री डॉ. संजय निषाद को खुला निमंत्रण देते हुए कहा कि वे भाजपा छोड़कर INDIA गठबंधन में आएं। उन्होंने दावा किया कि वे राहुल गांधी और अखिलेश यादव से बातचीत कर निषाद समाज को सम्मानजनक राजनीतिक भागीदारी और सीटें दिलाने का प्रयास करेंगे।
प्रेस वार्ता के दौरान सहनी ने कहा कि निषाद समाज ने संजय निषाद को नेता बनाकर मंत्री पद तक पहुंचाया, लेकिन सात वर्षों में समाज को आरक्षण दिलाने की दिशा में कोई ठोस उपलब्धि नहीं मिली।
उन्होंने मांग की कि यदि सरकार आरक्षण नहीं देती है तो संजय निषाद मंत्री पद छोड़कर समाज के अधिकारों की लड़ाई लड़ें।
मुकेश सहनी ने घोषणा की कि आगामी 25 जुलाई से पूरे उत्तर प्रदेश में 101 दिवसीय 'निषाद आरक्षण संकल्प यात्रा' निकाली जाएगी। इस दौरान एक करोड़ निषाद समाज के लोगों को गंगाजल हाथ में लेकर यह संकल्प दिलाया जाएगा कि यदि 2027 विधानसभा चुनाव से पहले आरक्षण नहीं मिला तो भाजपा के विरोध में मतदान किया जाएगा।
उन्होंने जातीय जनगणना के आधार पर आबादी के अनुपात में आरक्षण और राजनीतिक भागीदारी की मांग दोहराते हुए कहा कि सामाजिक न्याय तभी संभव है जब प्रत्येक समाज को उसका संवैधानिक अधिकार मिले।
इस मौके पर वीआईपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष सहनी, कार्यक्रम प्रभारी रविंद्र निषाद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, सामाजिक नेता और बुद्धिजीवी मौजूद रहे।