कड़े एक्शन में पंचकूला पुलिस: कालका में बिना नंबर प्लेट और ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले युवकों पर कसा शिकंजा, 34,500 और 24,500 रुपये का चालान काटकर दोनों वाहन किए इंपाउंड
पंचकूला/कालका/ 17 जून:-पंचकूला पुलिस द्वारा यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले और हुड़दंगियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सड़क सुरक्षा को पुख्ता करने और आपराधिक गतिविधियों पर लगाम लगाने के उद्देश्य से पुलिस अब बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर पूरी तरह से सख्त रुख अख्तियार कर चुकी है। इसी कड़ी में पुलिस टीम ने नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए न सिर्फ उनके वाहनों को जब्त किया है, बल्कि उन पर भारी-भरकम जुर्माना भी ठोंका है।
एसीपी ट्रैफिक सुरेन्द्र सिंह के अनुसार, आज कालका क्षेत्र में सुरजपुर ट्रैफिक एसएचओ अभिषेक की अगुवाई में पुलिस टीम ने यातायात नियमों की सरेआम उल्लंघना करने वाले और बिना नंबर प्लेट के दौड़ रहे दो दुपहिया वाहनों को दबोचा। पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए नियमों को ताक पर रखने वाले स्कूटी चालक का 34,500 रुपये और बाइक चालक का 24,500 रुपये का मोटा चालान काटा। इसके साथ ही, दोनों वाहनों को तुरंत प्रभाव से इंपाउंड कर लिया गया है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस विभाग की विशेष टीमें लगातार ऐसे संदिग्ध और नियम विरुद्ध चलने वाले वाहनों पर पैनी नजर रखे हुए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना नंबर प्लेट के घूम रहे वाहन विशेष रूप से पुलिस के रडार पर हैं, क्योंकि अक्सर देखा गया है कि ऐसे वाहनों का इस्तेमाल आपराधिक गतिविधियों में लिप्त होने के लिए किया जाता है। पहचान छुपाने के मकसद से ही लोग बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाते हैं, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। युवाओं को सख्त नसीहत देते हुए डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक ने कहा कि युवा वर्ग जोश में आकर अपनी और दूसरों की जिंदगी को खतरे में न डालें। वे यातायात नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करें, वाहनों पर नंबर प्लेट जरूर लगवाएं और जिम्मेदार नागरिक बनें।
Uklana, Hissar | Jun 17, 2026