पंचकूला में बाइक पर पांच सवारियां, पुलिस ने पीछा कर रोका; ₹19,500 का चालान, बाइक इंपाउंड
पंचकूला के बरवाला इंडस्ट्रियल एरिया में यातायात नियमों की अनदेखी कर एक बाइक पर चालक समेत पांच लोगों को बैठाकर ले जा रहे चालक के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की। बाइक पर नाबालिग बच्चे भी सवार थे।
सूरजपुर ट्रैफिक थाना में तैनात राइडर एसपीओ सेठपाल ने बाइक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक पुलिस के इशारे के बावजूद नहीं रुका। पुलिस ने पीछा कर बाइक को रोक लिया। जांच में कई यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर **19,500 रुपये का चालान** किया गया और बाइक को **इंपाउंड** कर दिया गया।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने कहा कि सड़क पर वाहन चलाना केवल अपनी मंजिल तक पहुंचने की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि खुद के साथ अन्य लोगों की जिंदगी की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों और वाहन चालकों से अपील की कि दोपहिया वाहन पर निर्धारित संख्या से अधिक सवारी न बैठाएं, बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें और हेलमेट का प्रयोग करें।
पुलिस का संदेश: घर सुरक्षित पहुंचना किसी भी जल्दबाजी या लापरवाही से कहीं अधिक महत्वपूर्ण है।
#सच्ची_खबर_सटीक_विश्लेषण