*प्रेस विज्ञप्ति*
समाहरणालय, मधेपुरा
सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय
दिनांक : 28 सितंबर 2026
*केंद्रीय विद्यालय, मधेपुरा में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का भव्य विद्यारंभ एवं प्रवेशोत्सव*
*जिलाधिकारी एवं उप विकास आयुक्त ने किया शुभारंभ, बच्चों के उज्ज्वल शैक्षणिक भविष्य के लिए नियमित उपस्थिति एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया जोर*
मधेपुरा, 28 सितंबर 2026। केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत संचालित केंद्रीय विद्यालय, मधेपुरा में आज नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत एवं उनके औपचारिक शैक्षणिक जीवन के शुभारंभ के अवसर पर विद्यारंभ एवं प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी, मधेपुरा श्री अभिषेक रंजन, भा०प्र०से० एवं उप विकास आयुक्त श्री अरुण कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी एवं उप विकास आयुक्त द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात विद्यालय परिवार की ओर से नवनामांकित विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं पुष्प अर्पित कर आत्मीय स्वागत किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण रहा।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी श्री अभिषेक रंजन ने कहा कि विद्यारंभ बच्चों के शैक्षणिक जीवन की एक महत्वपूर्ण एवं यादगार शुरुआत है। विद्यालय में प्रवेश केवल पढ़ाई की शुरुआत नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण, अनुशासन, संस्कार एवं भविष्य की मजबूत नींव रखने की प्रक्रिया है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की शत-प्रतिशत नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा विद्यालय एवं शिक्षकों के साथ समन्वय स्थापित कर बच्चों की शैक्षणिक प्रगति पर निरंतर ध्यान देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि बच्चों में सीखने की जिज्ञासा, अनुशासन और आत्मविश्वास विकसित करने में विद्यालय एवं परिवार दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका है। अभिभावक बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें और उनके अध्ययन के लिए सकारात्मक एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराएं।
उप विकास आयुक्त श्री अरुण कुमार ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केंद्रीय विद्यालय गुणवत्तापूर्ण एवं समग्र शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण संस्थान है। उन्होंने विद्यार्थियों से विद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक एवं अन्य सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाने तथा निरंतर सीखने की प्रवृत्ति विकसित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्राचार्य द्वारा विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, अनुशासन, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई। अतिथियों द्वारा नवप्रवेशित विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, अभिभावक, नवप्रवेशित विद्यार्थी एवं अन्य विद्यालय कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
2 views | Madhepura, Bihar | Sep 28, 2026