भूमि अधिग्रहण के विरोध में किसानों का प्रदर्शन, बोले- "तिरंगा हमारी शान, धरती हमारी जान"
वाराणसी। राजातालाब तहसील क्षेत्र में प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण के विरोध में किसानों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में रविवार सुबह लगभग 09 बजे अदमापुर में किसानों ने प्रदर्शन कर स्पष्ट कहा कि वे किसी भी कीमत पर अपनी उपजाऊ कृषि भूमि नहीं छोड़ेंगे। प्रदर्शन के दौरान किसानों ने हाथों में तिरंगा तथा अपनी मांगों और विरोध से जुड़े पोस्टर-बैनर लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इस मौके पर युवा किसान एवं समाजसेवी सुबेदार यादव ने कहा, "तिरंगा हमारी शान है, धरती हमारी जान है। सीमा पर जवान हैं तो खेतों में किसान हैं। यही हमारे हिंदुस्तान की आन, बान और शान है।" उन्होंने सरकार से अपील करते हुए कहा कि ऐसा कोई निर्णय न लिया जाए जिससे लाखों अन्नदाताओं का भविष्य संकट में पड़ जाए।
प्रदर्शनकारी किसानों का कहना है कि लगभग 13 गांवों की भूमि अधिग्रहण योजना से बड़ी संख्या में किसान और उनके परिवार प्रभावित होंगे। उनका आरोप है कि जमीन चली गई तो उनके सामने रोजी-रोटी और आवास का गंभीर संकट खड़ा हो जाएगा।
#LetestUpdate #LETESTNEWS #पत्रकारदेवेंद्रदेशमुख #UPNews 👇👇