भावुक माहौल में विदा हुए बेनीगंज के प्रभारी निरीक्षक सतीश चंद्र, आंखें हुईं नम, नवागत प्रभारी निरीक्षक कैशलेश सिंह ने संभाली कमान
.
#हरदोई: कोतवाली बेनीगंज में उस समय भावुक माहौल बन गया जब जनपद से स्थानांतरित हुए प्रभारी निरीक्षक सतीश चंद्र को पुलिस कर्मियों, पत्रकारों और नगरवासियों ने सम्मानपूर्वक विदाई दी। जिनकी कार्यशैली, सरल व्यवहार और पीड़ितों को न्याय दिलाने की प्रतिबद्धता ने कम समय में ही लोगों के दिलों में विशेष स्थान बना लिया था।
विदाई समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने पुष्पमालाएं पहनाकर, पटका ओढ़ाकर तथा देवी-देवताओं की प्रतिमाएं भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। इस अवसर पर कई लोगों की आंखें नम दिखाई दीं। हर किसी की जुबान पर यही था कि सतीश चंद्र ने अपने कार्यकाल में निष्पक्षता, संवेदनशीलता और जनसरोकारों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
समारोह को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पत्रकार देशराज शर्मा ने कहा कि प्रभारी निरीक्षक सतीश चंद्र ने अल्प समय में कई ऐसे सराहनीय कार्य किए, जिनकी चर्चा लंबे समय तक होती रहेगी। वहीं नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि रूपेश अंजना ने कहा कि उन्होंने हर पीड़ित की बात गंभीरता से सुनी और न्याय दिलाने का प्रयास किया। उनका कार्यकाल पुलिस और जनता के बीच विश्वास का मजबूत सेतु बनकर याद किया जाएगा तथा उनकी कार्यशैली अन्य पुलिस कर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगी।
इस दौरान हरदोई पुलिस लाइन से आए नवागत प्रभारी निरीक्षक कैशलेश सिंह का भी गर्मजोशी से स्वागत किया गया। उन्होंने कोतवाली परिसर स्थित कोतवालेश्वर महादेव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर नई जिम्मेदारी ग्रहण की और निष्पक्ष व जनसेवा के भाव से कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
विदाई समारोह में पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, नगर के गणमान्य नागरिक, पत्रकारगण और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। सभी ने सतीश चंद्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी शुभकामनाओं के साथ विदा किया। यह विदाई केवल एक अधिकारी के स्थानांतरण की नहीं, बल्कि जनता के दिलों में अपनी अलग पहचान बना चुके एक संवेदनशील पुलिस अधिकारी के प्रति सम्मान और स्नेह की अभिव्यक्ति बन गई।
#रिपोर्ट: पुनीत मिश्रा/बेनीगंज
Hardoi, Hardoi | Jul 14, 2026