'बरगद हम बचाएंगे' के नारों के बीच बच्चों ने लिया संरक्षण का संकल्प, ईको टीम और शिक्षकों का हुआ सम्मान
.
#उन्नाव। उच्च प्राथमिक विद्यालय रामपुर गढ़ौवा, विकास क्षेत्र औरास में आयोजित "वृक्षजल कथा" एवं "बरगद बचाओ महाअभियान" ने वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनूप मिश्र 'अपूर्व' और शिक्षक प्रदीप कुमार वर्मा की पहल को पर्यावरण संरक्षण की प्रभावी मुहिम में बदल दिया। अभियान में बच्चों, शिक्षकों और अतिथियों ने बरगद संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती एवं बरगद के पौधे के पूजन से हुआ। इसके बाद अनूप मिश्र ने हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। "बरगद हम बचाएंगे, बरगद हम लगाएंगे" के नारों से गूंजते विद्यालय परिसर में बच्चों ने तख्तियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
रैली के उपरांत आयोजित "वृक्षजल कथा" तथा पॉडकास्ट संवाद में अनूप मिश्र और प्रदीप कुमार वर्मा ने बच्चों के साथ पर्यावरण संरक्षण पर संवाद किया। छात्र-छात्राओं के प्रश्नों का उत्तर देते हुए अनूप मिश्र ने उन्हें प्रकृति का जिम्मेदार प्रहरी बनने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में "मैं हूँ बरगद का मित्र" सेल्फी स्टैंड, बरगद प्रहरी हस्ताक्षर अभियान, ईको टीम सम्मान तथा पर्यावरण के प्रति जागरूक बच्चों का सम्मान प्रमुख आकर्षण रहे। शिक्षक इंद्रपाल को विद्यालय को हरित एवं स्वच्छ बनाने में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं प्रदीप कुमार वर्मा को "बरगद बचाओ महाअभियान" का विस्तार अधिकाधिक विद्यालयों तक करने तथा शिक्षक समाज को इस अभियान से जोड़ने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
अपने संबोधन में अनूप मिश्र ने विद्यालय की स्वच्छता, हरियाली और नवाचारों की सराहना करते हुए इसे जनपद का प्रेरणादायी विद्यालय बताया। कार्यक्रम का संचालन प्रदीप कुमार वर्मा ने किया। रमनजीत कौर, इंद्रपाल सहित समस्त विद्यालय परिवार की सक्रिय सहभागिता रही। आयोजन ने यह संदेश दिया कि प्रशासन और शिक्षकों की सार्थक पहल से विद्यालय समाज में सकारात्मक परिवर्तन का प्रभावी केन्द्र बन सकता है।
#TheTelecast
Hardoi, Hardoi | Jul 14, 2026