स्वच्छ शहर के लिए हर नागरिक निभाए अपनी जिम्मेदारी : सुमन बहमनी
सेवा संकल्प अभियान के तहत वार्ड 22 में चला विशेष स्वच्छता अभियान
मेयर सुमन बहमनी ने झाड़ू लगाकर दिया स्वच्छता का संदेश, विद्यार्थियों ने निकाली जागरूकता रैली
यमुनानगर। सेवा संकल्प अभियान के तहत नगर निगम की ओर से मंगलवार को वार्ड नंबर 22 में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के तहत भगवान श्री परशुराम पार्क, गोबिंदपुरी कॉलोनी तथा कन्हैया साहिब चौक स्थित नगर निगम कार्यालय के बाहर सफाई की गई। मेयर सुमन बहमनी ने स्वयं झाड़ू लगाकर अभियान की शुरुआत की और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान मार्केट कमेटी यमुनानगर के चेयरमैन राकेश त्यागी, पार्षद रुचि शर्मा और मुख्य सफाई निरीक्षक अमित कांबोज ने भी सफाई मित्रों के साथ मिलकर झाड़ू लगाई। उन्होंने नागरिकों को स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने तथा शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सहयोग देने का संदेश दिया। अभियान के दौरान राजकीय उच्च विद्यालय गोबिंदपुरी के विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली निकाली। विद्यार्थियों ने स्वच्छता बनाए रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने और डस्टबिन का सही उपयोग करने का संदेश दिया। इस दौरान सफाई मित्रों, नागरिकों और विद्यार्थियों को अपने घर, गली व आसपास के क्षेत्र को साफ रखने के लिए प्रेरित किया गया। मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि स्वच्छ शहर केवल नगर निगम के प्रयासों से नहीं, बल्कि जनभागीदारी से बनता है। प्रत्येक नागरिक अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की जिम्मेदारी निभाए तो यमुनानगर को स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने का लक्ष्य जल्द हासिल किया जा सकता है। मौके पर सफाई निरीक्षक प्रदीप दहिया, सफाई निरीक्षक सुशील शर्मा, सचिन कांबोज, पंकज कुमार, अजीत सिंह, स्वच्छ भारत मिशन के विशेषज्ञ आकाश कुमार, दुर्गेश कुमार आदि मौजूद रहे।
फोटो कैप्शन - गोबिंदपुरी में सफाई करती मेयर सुमन बहमनी व अन्य।
गोबिंदपुरी में निकाली गई जागरूकता रैली का शुभारंभ करती मेयर सुमन बहमनी।
Jagadhri, Yamuna Nagar | Sep 22, 2026