ग्रेटर नोएडा में 1200 करोड़ रुपये से बनेगा आधुनिक ट्रैक्टर प्लांट, 1200 लोगों को मिलेगा रोजगार
ग्रेटर नोएडा के जेवर में औद्योगिक विकास को बड़ी रफ्तार मिलने जा रही है। यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के सेक्टर-8 में सीएनएच कंपनी करीब 1200 करोड़ रुपये का निवेश कर 100 एकड़ जमीन पर आधुनिक ट्रैक्टर निर्माण प्लांट स्थापित करेगी।
गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल माध्यम से परियोजना की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी में शामिल होकर प्लांट की आधारशिला रखी। इस परियोजना से करीब 1200 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है, जबकि अप्रत्यक्ष रूप से भी रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जेवर आज भारत के गहने के रूप में निवेश का प्रमुख केंद्र बन चुका है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और यमुना प्राधिकरण के विकास से यह क्षेत्र बड़े औद्योगिक और लॉजिस्टिक हब के रूप में उभर रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तर प्रदेश में अब तक 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं, जबकि 7.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को जल्द साकार किया जाएगा।
इस मौके पर औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, दादरी विधायक तेजपाल नागर सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
इस प्लांट की स्थापना से जेवर और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में औद्योगिक विकास के साथ रोजगार के नए अवसर खुलने की उम्मीद है।
Gautam Buddha Nagar, Gautam Buddh Nagar | Nov 12, 2026