अररिया जनता दरबार में 34 मामलों की सुनवाई, जिलाधिकारी ने अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों के त्वरित निष्पादन के दिए निर्देश
बिहार सरकार के सात निश्चय-3.0 के अंतर्गत संचालित “सबका सम्मान–जीवन आसान” कार्यक्रम के तहत सोमवार को समाहरणालय परिसर में जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे आमजनों ने अपनी व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक समस्याओं से संबंधित आवेदन जिला पदाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत किए। इस दौरान कुल 34 मामलों की सुनवाई की गई।
जनता दरबार में जिला पदाधिकारी ने आमजनों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का समयबद्ध, निष्पक्ष एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में सिमराहा, फारबिसगंज निवासी मोहम्मद शमीम अख्तर ने सड़क दुर्घटना में पुत्र की मृत्यु के उपरांत अनुग्रह राशि नहीं मिलने की शिकायत की। वहीं खरहट, रानीगंज निवासी बीरो मंडल ने अवैध कब्जे वाली भूमि को मुक्त कराने की मांग की। अररिया निवासी अमरनाथ मिश्रा ने होमगार्ड की ड्यूटी से संबंधित आवेदन दिया।
बढ़ेपारा, नरपतगंज निवासी अलाउद्दीन ने एनएच निर्माण में उनकी भूमि कट जाने के बाद मुआवजा नहीं मिलने की शिकायत की।
बथनाहा, फारबिसगंज निवासी शशि कुमार मलिक ने प्रधानमंत्री आवास योजना के आवेदन को अस्वीकृत किए जाने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं पहुंसरा, रानीगंज निवासी सूरज प्रसाद मेहता ने वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई।
इसके अलावा रानीगंज निवासी बालकृष्ण गुप्ता ने अवैध रूप से कब्जा की गई भूमि को खाली कराने की मांग की। जनता दरबार में रमेश मेहता, बुद्धदेव मंडल, अब्दुल खालिद, गुंजन देवी सहित अन्य आमजनों ने भी अपनी-अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।
Araria, Araria | Aug 25, 2026