अररिया में बिहार विद्या साथी’ से विद्यार्थियों को मिलेगा 24×7 निःशुल्क लाइव शिक्षा का लाभ
अररिया में माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा सोमवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के 38 जिलों के 700 सरस्वती विद्या निकेतन मॉडल विद्यालयों में 24×7, 1:1 इंटरैक्टिव लर्निंग प्लेटफॉर्म ‘बिहार विद्या साथी’ का शुभारंभ किया गया।
अररिया में इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण समाहरणालय स्थित एनआईसी के सभा कक्ष में किया गया। इस अवसर पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला पदाधिकारी अररिया श्री विनोद दूहन, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
‘बिहार विद्या साथी’ के माध्यम से कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को निःशुल्क लाइव शिक्षा के साथ 24×7 ऑनलाइन शिक्षक एवं 1:1 लाइव ट्यूटर सपोर्ट उपलब्ध कराया जाएगा। विद्यार्थी अपनी पसंद के शिक्षक से पढ़ सकेंगे तथा पढ़ाई से जुड़ी समस्याओं का त्वरित एवं निःशुल्क समाधान प्राप्त कर सकेंगे।
प्लेटफॉर्म के माध्यम से विद्यार्थियों को असीमित अध्ययन, डिजिटल टूल्स के जरिए कॉन्सेप्ट लर्निंग तथा गुणवत्तापूर्ण डिजिटल अध्ययन सामग्री उपलब्ध होगी। इसके साथ ही बिहार बोर्ड की पढ़ाई के साथ JEE एवं NEET की तैयारी की सुविधा भी मिलेगी।
इस पहल से राज्य के 700 मॉडल विद्यालयों में अध्ययनरत करीब 3 लाख विद्यार्थियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। विद्यार्थियों को 24×7 वन-टू-वन लाइव ट्यूटर सपोर्ट उपलब्ध कराने के लिए करीब 75 हजार शिक्षक जुड़े रहेंगे।
कार्यक्रम के उपरांत जिला पदाधिकारी श्री विनोद दूहन ने संबंधित पदाधिकारियों को जिले में ‘बिहार विद्या साथी’ के प्रभावी क्रियान्वयन तथा सभी पात्र विद्यार्थियों तक इसकी सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्लेटफॉर्म की जानकारी उपलब्ध कराने, उन्हें नियमित उपयोग के लिए प्रेरित करने तथा तकनीकी अथवा अन्य किसी समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
‘बिहार विद्या साथी’—तकनीक के साथ शिक्षा, शिक्षा के साथ बेहतर भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
Araria, Araria | Aug 25, 2026