कौशल विकास एवं स्वरोजगार के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाएं।
कल्लू के पॉलिटेक्निक कॉलेज के लिए सरकार द्वारा 3 करोड रुपए स्वीकृत।
Kullu Times
नगर एवं ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री, हिमाचल प्रदेश सरकार, राजेश धर्माणी ने आज कुल्लू जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सोलंग नाला (मनाली) में फर्स्ट एक्यूरेसी पैराग्लाइडिंग प्री वर्ल्ड कप 2026' का बतौर मुख्य अतिथि शुभारंभ किया। इस अवसर पर मनाली पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन द्वारा मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत किया गया, जबकि इससे पूर्व मुख्य अतिथि ने स्थानीय नाग मंदिर में पूजा-अर्चना की।अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि सोलंग घाटी प्रदेश की सबसे सुंदर घाटियों में से एक है। यहाँ के लोग पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ सस्टेनेबल टूरिज्म को बढ़ावा दे रहे हैं और अपनी उत्कृष्ट अतिथि सत्कार परंपरा के लिए जाने जाते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश को विश्व का बेहतरीन पर्यटन राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, जिसके लिए पर्यटकों को स्थानीय संस्कृति से रूबरू कराते हुए साफ-सुथरे पर्यटन को बढ़ावा देना आवश्यक है।
युवाओं के कौशल विकास और स्वरोजगार पर जोर देते हुए उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश कौशल विकास निगम की ओर से कुल्लू जिले में युवाओं को निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके तहत 210 युवाओं को असिस्टेंट राफ्टिंग गाइड, 90 को होमस्टे संचालन, 60 को स्ट्रीट फूड वेंडर, 60 को नेचर गाइड तथा 30 युवाओं को साहसिक पर्यटन गाइड का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से सरकार की स्वरोजगार एवं स्वावलंबन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि पॉलिटेक्निक कॉलेज कुल्लू के लिए सरकार द्वारा 3 करोड रुपए की राशि स्वीकृत की गई है जिससे इस तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
इस कार्यक्रम में मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि प्रधान ग्राम पंचायत पलचान शिवानी ठाकुर, ग्रांम पंचायत बुरूवा रीना देवी, बीडीसी पलचान विमला देवी, उप प्रधान ग्राम पंचायत पलचान दीपक, बीडीसी बुरूवा सीता देवी,
एसडीएम गुंजीत सिंह चीमा, डीएसपी विक्रांत, मनाली पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के पदाधिकारी, संस्थापक सदस्य रोशन ठाकुर, प्रतियोगिता में भाग ले रहे प्रतियोगी पायलट, गणमान्य लोग एवं स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।
--
Kullu, Kullu | Oct 9, 2026