*जिलाधिकारी ने रैयाम चीनी मिल परिसर का किया निरीक्षण*
*विकास एवं आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण को लेकर दिए आवश्यक निर्देश*
दरभंगा, 11 नवम्बर 2026 :-
जिलाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार द्वारा रैयाम चीनी मिल परिसर का निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने चीनी मिल परिसर की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध आधारभूत संरचनाओं तथा परिसर को व्यवस्थित एवं विकसित करने की दिशा में की जाने वाली आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को परिसर के समुचित विकास एवं आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित करते हुए निर्धारित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने भवन निर्माण विभाग एवं इंडियन पोटाश लिमिटेड को चीनी मिल परिसर में स्थित जीएम आवास के जीर्णोद्धार हेतु आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि भवन की स्थिति का आकलन करते हुए इसके जीर्णोद्धार से संबंधित कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने की दिशा में पहल की जाए।
वहीं, पथ निर्माण विभाग को चीनी मिल परिसर के समतलीकरण का कार्य अविलंब पूर्ण करने का निर्देश दिया गया, ताकि परिसर को व्यवस्थित एवं उपयोग के अनुकूल बनाया जा सके।
जिलाधिकारी ने रैयाम चीनी मिल परिसर के विस्तार की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया। इस क्रम में उन्होंने अंचलाधिकारी, केवटी को परिसर के विस्तार हेतु 35 एकड़ अतिरिक्त भूमि के अधिग्रहण से संबंधित प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र गन्ना उद्योग विभाग को भेजने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्यों में आवश्यक प्रक्रियाओं का अनुपालन करते हुए समयबद्ध तरीके से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि रैयाम चीनी मिल परिसर को विकसित करने की दिशा में प्रगति हो सके।
निरीक्षण के अवसर पर अपर समाहर्ता राजस्व श्री रोहित कुमार, अपर समाहर्ता-सह-जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री राजेश कुमार गुप्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, सदर श्री कुमार गौरव सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं अन्य उपस्थित थे।
#BiharSarkar
#CMBihar
#SamratChoudhary
#CMSamrat
#MukhyamantriBihar