सभी प्रखंडों में नल जल योजना की सर्वे कराकर जलापूर्ति करें सुनिश्चित -- जिलाधिकारी
जिलाधिकारी श्री सौरभ जोरवाल के द्वारा समाहरणालय स्थित डॉ राजेंद्र प्रसाद सभागार में लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के कार्यों की समीक्षा की गई। समीक्षा में मोतिहारी और ढाका डिवीजन के कार्यपालक अभियंता एवं सभी 23 कनीय अभियंता उपस्थित थे।
जिलाधिकारी के द्वारा चापाकल की मरम्मति के विषय में पूछने पर बताया गया कि मोतिहारी डिवीजन अंतर्गत कुल 1244 चापाकल की मरम्मति करा कर क्रियाशील किया गया है। वहीं ढाका डिवीजन अंतर्गत कुल 1650 चापाकल की मरम्मति कराई गई है। चापाकल की मरमती के लिए मरम्मति दल जिला के सभी 27 प्रखंडों में क्रियाशील है एवं कहीं से भी सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
जिलाधिकारी के द्वारा सरकार की महत्वाकांक्षी नल-जल योजना को हर हाल में सभी पंचायतों में चालू स्थिति में रखने का निर्देश दिया गया। सहयोग शिविर में नल- जल संबंधी प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी पंचायत में प्रखंड स्तरीय टीम के द्वारा सर्वे का कार्य कर लिया जाए एवं जहां कहीं समस्या है उसे शीघ्र दुरुस्त किया जाए एवं नल-जल योजना को चालू स्थिति में रखना सुनिश्चित कराई जाए।
कार्यपालक अभियंता मोतिहारी डिवीजन के द्वारा बताया गया कि अभी तक के सहयोग शिविरों में कुल 87 आवेदन नल-जल संबंधी प्राप्त हुए थे, जिसमें 85 आवेदनों का निष्पादन कर दिया गया है। वहीं ढाका डिवीजन के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि इस योजना से संबंधित सहयोग शिविर के माध्यम से कुल 28 आवेदन प्राप्त हुए जिसमें 27 आवेदनों का निष्पादन कर दिया गया है। जिलाधिकारी के द्वारा निर्देश दिया गया कि सहयोग शिविर के प्रभारी भी नल- जल से संबंधित योजनाओं को देख लें कि कहीं कोई समस्या तो नहीं है। अगर कहीं समस्या है तो उसकी सूचना तुरंत पीएचईडी कार्यपालक अभियंता को दें ताकि उसे शीघ्र दुरुस्त कराई जा सके। सभी कनीय अभियंताओं को निर्देश दिया गया कि वे अपने स्तर से भी पंचायतों का लगातार भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखें।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar