मंडलायुक्त एवं जिलाधिकारी ने रामघाट पहुंचकर मंदाकिनी नदी के जलस्तर एवं बाढ़ सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
जनपद में लगातार दो दिनों से हो रही बारिश के कारण मंदाकिनी नदी के जलस्तर में वृद्धि के दृष्टिगत मंडलायुक्त चित्रकूटधाम मंडल, बांदा अजीत कुमार एवं जिलाधिकारी पुलकित गर्ग ने रामघाट पहुंचकर नदी के जलस्तर तथा बाढ़ सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि मंदाकिनी नदी का पानी घाट के किनारे तक पहुंच गया था, हालांकि वर्तमान में जलस्तर लगातार घट रहा है। उन्होंने कहा कि संभावित स्थिति को देखते हुए रामघाट क्षेत्र की दुकानों को पूर्व में ही अनाउंसमेंट कराकर खाली करा दिया गया था। साथ ही पूरे क्षेत्र में लगातार अनाउंसमेंट के माध्यम से लोगों को सतर्क किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने बताया कि बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए एसडीआरएफ, पीएसी की बटालियन एवं पुलिस बल पूरी तरह तैयार है। इसके साथ ही रैन बसेरों को भी तैयार रखा गया है। जलस्तर में लगातार कमी के बावजूद जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि बारिश के दौरान पहाड़ों के नीचे अथवा कच्चे मकानों में रहने वाले लोग सुरक्षित स्थानों एवं पंचायत भवनों में शरण लें तथा किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में प्रशासन को तत्काल सूचित करें।
मंडलायुक्त अजीत कुमार ने निर्देश दिए कि जलस्तर कम होने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, स्वास्थ्य सेवाओं, विद्युत आपूर्ति एवं साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि जलभराव के बाद किसी प्रकार की बीमारी का प्रकोप न हो। उन्होंने बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जनपद में की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए जिलाधिकारी एवं जिला प्रशासन की तैयारियों की प्रशंसा की।
#dmchitrakoot #SPChitrakoot #flood