मंदाकिनी नदी के बढ़ते जलस्तर के दृष्टिगत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक चित्रकूट द्वारा रामघाट का किया गया निरीक्षण, पुलिस प्रशासन अलर्ट, रामघाट पर पीएसी मोटर बोट के साथ तैनात
मंदाकिनी नदी के बढ़ते जलस्तर के दृष्टिगत जिलाधिकारी चित्रकूट पुलकित गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह द्वारा रामघाट का निरीक्षण किया गया। जनपद चित्रकूट में लगातार हो रही बारिश के दृष्टिगत मंदाकिनी नदी के जलस्तर में वृद्धि हुई है। नदी का जलस्तर डेंजर लेवल 126.500 मीटर से ऊपर पहुंच गया है। विगत 3–4 घंटे में जलस्तर में तेजी से वृद्धि हुई, हालांकि वर्तमान में जलस्तर बढ़ने की गति में कुछ कमी आई है।
पुलिस एवं प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। रामघाट पर पीएसी बल को मोटर बोट के साथ तैनात कर आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं। पुलिस बल द्वारा घाटों एवं नदी के आसपास लगातार भ्रमण करते हुए आमजन को लाउडस्पीकर के माध्यम से आवश्यक सावधानियों के संबंध में जागरूक किया जा रहा है।
मंदाकिनी नदी के घाटों पर स्थित कुछ दुकानदारों द्वारा अपनी दुकानें खाली कर दी गई हैं तथा अन्य दुकानदारों द्वारा भी दुकानें खाली की जा रही हैं। पुलिस प्रशासन द्वारा सभी दुकानदारों एवं घाट क्षेत्र में मौजूद लोगों से अपील की गई है कि जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए घाटों पर स्थित दुकानों एवं अन्य सामान को सुरक्षित स्थान पर ले जाएं तथा नदी एवं घाटों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी पुलिस बल की ड्यूटी लगाकर जलस्तर एवं संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस प्रशासन द्वारा किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं।
लगातार हो रही बारिश एवं जलस्तर में वृद्धि के दृष्टिगत जिलाधिकारी महोदय द्वारा जनपद के सभी स्कूलों एवं कॉलेजों को बंद किए जाने का आदेश जारी किया गया है।
पुलिस अधीक्षक चित्रकूट द्वारा जनपदवासियों से अपील की गई है कि मंदाकिनी नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए सभी लोग सतर्क रहें, नदी एवं घाटों के आसपास जाने से बचें तथा पुलिस एवं प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। पुलिस प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है तथा आवश्यकतानुसार तत्काल कार्रवाई हेतु सभी संबंधित पुलिस बल को अलर्ट रखा गया है।